नोएडा के सर्फाबाद को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात, विधायक पंकज सिंह ने किया करोड़ों रुपये के कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण

0 21

नोएडा: नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पंकज सिंह ने रविवार को इंडोर स्टेडियम में ग्राम सर्फाबाद के ग्रामीणों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान गांव में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया।

ग्रामीणों की शिकायतों के समाधान के दिए निर्देश

जनसंवाद कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा सहित जल, सिविल, विद्युत और उद्यान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

1.70 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

विधायक पंकज सिंह ने ग्राम सर्फाबाद में पुलियों को ऊंचा करने, लोहे के जाल लगाने, लाइब्रेरी के लिए दो कमरों के निर्माण तथा संजीव यादव, रामकिशन यादव, विकास यादव सहित अन्य क्षतिग्रस्त गलियों में सीसी आरएमसीसी सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 170.15 लाख रुपये बताई गई है।

80.02 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान ग्राम सर्फाबाद में इरचंदी, प्रवीन मुखिया वाली गली तथा सेक्टर-72 के समानांतर श्मशान घाट से मदर डेयरी की ओर जाने वाले मार्ग पर सीसी आरएमसीसी और चिनाई कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन विकास कार्यों पर 80.02 लाख रुपये की लागत आई है।

17.20 करोड़ रुपये के 10 और विकास कार्य जल्द होंगे शुरू

बैठक के दौरान ग्रामीणों की आवश्यकताओं को देखते हुए क्षेत्र में 10 अन्य विकास कार्यों को भी जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। इन परियोजनाओं में गलियों में सीसी सड़क निर्माण, नाली और पुलिया निर्माण, चिनाई, लोहे के जाल लगाने, मरम्मत कार्य तथा कुश्ती मैदान के निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इन प्रस्तावित विकास कार्यों की कुल लागत 1720.25 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.