बारिश के बाद एक्शन में नोएडा प्राधिकरण, वरिष्ठ अधिकारियों ने जलभराव वाले इलाकों का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
नोएडा: बारिश के बाद शहर में उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जलभराव, जलनिकासी व्यवस्था, सड़कों और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया गया तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण दल में एस. पी. सिंह, आर. पी. सिंह और ए. के. अरोड़ा के साथ सिविल एवं जल विभाग से जुड़े वरिष्ठ प्रबंधक भी शामिल रहे। अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।
जलनिकासी में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में जलनिकासी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित स्थानों पर आवश्यक संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार रहेगी नजर
वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के बाद उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके और नागरिकों को राहत मिल सके।