‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान: 7 अगस्त को शारदा यूनिवर्सिटी में युवाओं के लिए होंगी कई प्रतियोगिताएं, विजेताओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

0 33

गौतमबुद्धनगर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत (MY Bharat), गौतम बुद्ध नगर द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 को ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशा मुक्ति अभियान से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच प्रदान किया जाएगा।

माय भारत के डिप्टी डायरेक्टर शिवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को राज्य स्तर और उसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

वाद-विवाद से लेकर रील और लघु फिल्म तक होंगी प्रतियोगिताएं

कार्यक्रम के अंतर्गत वाद-विवाद एवं भाषण (युथ डायलॉग फॉर चेंज), स्लोगन लेखन (वर्ड्स फॉर चेंज), चित्रकला (कलर्स फॉर चेंज), विषय आधारित नृत्य, नुक्कड़ नाटक, मूक अभिनय, काव्य प्रस्तुति (वॉयसेस फॉर चेंज), संगीत एवं रैप तथा रील निर्माण एवं लघु फिल्म प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इन प्रतियोगिताओं के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा।

MY Bharat पोर्टल पर कर सकते हैं पंजीकरण

प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों के जरिए नशा मुक्ति अभियान से जोड़ना और जन-जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।

2 अगस्त को होगा राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ

माय भारत के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों से करीब एक करोड़ युवा नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेंगे।

अभियान में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, माय भारत स्वयंसेवक, एनसीसी, एनएसएस, सामुदायिक संगठन तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग लेंगी।

100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी रविवार अभियान भी होगा शुरू

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री युवाओं के साथ संवाद करेंगे और नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सतत जन-जागरूकता एवं युवा सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी रविवार अभियान की भी शुरुआत करेंगे।

माय भारत, गौतम बुद्ध नगर ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर इस जन-जागरूकता अभियान और प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.