गौतमबुद्ध नगर में 18 सितंबर को होगा राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज, आपदा तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

0 25

गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 18 सितंबर 2026 को प्रस्तावित राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर टेबल टॉप समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूकंप, औद्योगिक रासायनिक आपदा और अग्नि सुरक्षा से जुड़े आपातकालीन हालातों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई।

आपदा प्रबंधन की तैयारियों और विभागीय योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक का उद्देश्य प्रतिक्रिया तंत्र की उपयोगिता, आपातकालीन सहायता कार्यों के लिए विभिन्न विभागों और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था और प्रतिक्रिया क्षमता में मौजूद कमियों की पहचान कर उनमें सुधार करना रहा।

इस दौरान संबंधित विभागों की आपदा प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम के तहत विभिन्न हितधारकों की जिम्मेदारियों और भूमिकाओं का भी परीक्षण किया गया।

तीन स्थानों पर आयोजित होगी मॉक एक्सरसाइज

जनपद गौतमबुद्ध नगर में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज के तहत तीन अलग-अलग स्थानों पर अभ्यास किया जाएगा। इसमें अग्निकांड आपदा के लिए शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा को शामिल किया गया है।

वहीं भूकंप आपदा पर आधारित अभ्यास दा रेडिएशन स्कूल, नीमका, जेवर में कराया जाएगा। इसके अलावा सीबीआरएन औद्योगिक रासायनिक आपदा से संबंधित मॉक एक्सरसाइज अति खतरनाक संवेदनशील कारखाना हायर एप्लाइंसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा में आयोजित की जाएगी।

मॉक ड्रिल के सफल संचालन को लेकर अधिकारियों ने किया मंथन

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। आपदा की स्थिति में बचाव कार्यों, राहत एवं प्रतिक्रिया प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

अधिकारियों ने अभ्यास के दौरान आपसी समन्वय, संसाधनों के बेहतर उपयोग और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक संदीप कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी पवन कुमार, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर हेमंत कुमार, आईटीबीपी इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा, जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कारखाना, अस्पताल एवं स्कूल के प्रबंधक मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.