गौतमबुद्धनगर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका! विवेकानंद यूथ अवॉर्ड के लिए 10 अगस्त तक करें आवेदन

0 30

नोएडा: गौतमबुद्धनगर के युवाओं के लिए विवेकानंद यूथ अवॉर्ड पाने का सुनहरा अवसर है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में दिए जाने वाले इस प्रतिष्ठित पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल कार्यालय ने पात्र युवाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है।

15 से 35 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन

प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अमृता चौधरी ने बताया कि यह पुरस्कार 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रदान किया जाएगा। आयु की गणना नामांकन वर्ष की 1 जनवरी की स्थिति के आधार पर की जाएगी।

इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

विवेकानंद यूथ अवॉर्ड उन युवाओं को दिया जाएगा जिन्होंने खेलकूद, परिवार कल्याण, वृक्षारोपण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना और संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति, साहित्य, मानवाधिकार संरक्षण, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल एवं शैक्षिक उत्कृष्टता तथा स्मार्ट लर्निंग जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।

10 अगस्त तक जमा करने होंगे आवेदन

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल कार्यालय ने पात्र युवाओं से अपने कार्यों के साक्ष्यों सहित आवेदन तैयार करने की अपील की है। आवेदन या प्रस्ताव बुकलेट फाइल के रूप में तीन प्रतियों में तैयार कर 10 अगस्त 2026 तक विकास भवन स्थित कक्ष संख्या-311, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय, गौतमबुद्धनगर में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।

समय पर शासन को भेजे जाएंगे प्रस्ताव

कार्यालय की ओर से बताया गया है कि निर्धारित तिथि तक प्राप्त सभी प्रस्तावों की नियमानुसार जांच के बाद उन्हें समय से शासन को प्रेषित किया जाएगा। इसलिए इच्छुक और पात्र युवाओं को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.