UPPSC परीक्षा में अब हर कमरे में लगेगा जैमर, नकल पर लगेगी हाईटेक रोक; ऑनलाइन मूल्यांकन समेत कई बड़े बदलाव

0 25

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त, पारदर्शी और तकनीकी रूप से अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब आयोग की परीक्षाओं के प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सिग्नल जैमर लगाए जाएंगे, ताकि मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से होने वाली किसी भी प्रकार की नकल या बाहरी संपर्क पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

हर परीक्षा कक्ष में होंगे सिग्नल जैमर
आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि अब तक परीक्षा केंद्रों पर थर्मल स्कैनर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन नई व्यवस्था के तहत हर कमरे में जैमर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और निष्पक्ष बनाना है।

आधार से जुड़ेगा अभ्यर्थियों का पंजीकरण
आयोग अभ्यर्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया को भी और मजबूत बनाने की तैयारी कर रहा है। वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था पहले से लागू है और अब हरियाणा लोक सेवा आयोग की तर्ज पर इसे आधार से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। इससे फर्जी अभ्यर्थियों की पहचान आसान होगी और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।

दस्तावेजों की होगी ऑनलाइन स्क्रूटनी
भर्ती परीक्षाओं के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों और दस्तावेजों की जांच अब पूरी तरह ऑनलाइन की जाएगी। डिजिटल सत्यापन व्यवस्था लागू होने से समय की बचत होगी, मानवीय त्रुटियों में कमी आएगी और भर्ती प्रक्रिया अधिक तेज एवं पारदर्शी बनेगी।

PCS मुख्य परीक्षा की कॉपियों का होगा ऑनलाइन मूल्यांकन
लोक सेवा आयोग ने PCS मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी बड़ा बदलाव किया है। अब उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। नई व्यवस्था के तहत किसी एक परीक्षक को पूरी उत्तर पुस्तिका नहीं दी जाएगी, बल्कि विषय विशेषज्ञों से प्रश्नवार मूल्यांकन कराया जाएगा।

आयोग के अनुसार, यदि कोई विशेषज्ञ किसी प्रश्न का मूल्यांकन करेगा तो वही विशेषज्ञ उस प्रश्न का सभी अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं में मूल्यांकन करेगा। इससे मूल्यांकन में एकरूपता और निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। विशेषज्ञों को संभावित उत्तर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे निर्धारित मानकों के अनुसार मूल्यांकन किया जा सके।

सीधी भर्ती की चयन प्रक्रिया में भी बदलाव
आयोग ने सभी सीधी भर्तियों के लिए ‘लोक सेवा आयोग सीधी भर्ती (स्क्रीनिंग) 2025 नियमावली’ लागू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत चयन प्रक्रिया कुल 500 अंकों की होगी। इसमें 450 अंकों की लिखित परीक्षा और 50 अंकों का साक्षात्कार शामिल रहेगा। अंतिम मेरिट में लिखित परीक्षा को 75 प्रतिशत और साक्षात्कार को 25 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।

अगस्त में आ सकता है RO-ARO भर्ती का विज्ञापन
UPPSC की बहुप्रतीक्षित RO-ARO 2026 भर्ती का विज्ञापन अगस्त के अंतिम सप्ताह में जारी होने की संभावना है। हाल ही में बड़ी संख्या में सहायक समीक्षा अधिकारियों के पदोन्नत होने से कई पद रिक्त हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों से नए रिक्त पदों का अधियाचन मिलने की संभावना भी है। ऐसे में करीब 500 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

आयोग में कर्मचारियों की कमी
आयोग में वर्तमान में लगभग 250 कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि बढ़ते कार्यभार को देखते हुए लगभग दोगुने कर्मचारियों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। आयोग का मानना है कि पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होने से भर्ती प्रक्रियाओं का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.