‘5 अगस्त ने बदली जम्मू-कश्मीर की तकदीर’, आर्टिकल 370 हटने के 7 साल पूरे होने पर PM मोदी का बड़ा संदेश
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35(A) हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इसे देश के इतिहास का निर्णायक दिन बताया। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 को लिया गया फैसला जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विकास की दिशा में एक नए अध्याय की शुरुआत था, जिससे दोनों क्षेत्रों के लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव आए हैं।
‘7 साल पहले इसी दिन रचा गया था नया इतिहास’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि सात वर्ष पहले इसी दिन अनुच्छेद 370 और 35(A) इतिहास का हिस्सा बन गए थे। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास की नई यात्रा शुरू हुई, जिसका असर आज विभिन्न क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री के अनुसार, पिछले सात वर्षों में दोनों क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, उद्यमिता और खेल जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा हुए हैं, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
महिलाओं और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित रहे महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों को अब भारत के संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि इससे इन वर्गों को सशक्त बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि इस वर्ष 5 अगस्त का महत्व इसलिए भी विशेष है क्योंकि देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता के प्रति डॉ. मुखर्जी की आजीवन प्रतिबद्धता आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है और उनका सपना 5 अगस्त 2019 को ऐतिहासिक रूप से साकार हुआ।
विकसित भारत के संकल्प को दोहराया
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक को बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का समान अवसर मिलता रहेगा।