दुग्धशाला विकास विभाग के स्वर्ण जयंती वर्ष पर गौतमबुद्धनगर में विशेष कार्यक्रम, किसानों और पशुपालकों को योजनाओं की दी गई जानकारी

0 21

नोएडा: उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को गौतमबुद्धनगर के विकास भवन सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस संयुक्त कार्यक्रम में दुग्धशाला विकास विभाग और पशुपालन विभाग ने किसानों, पशुपालकों एवं स्वयं सहायता समूहों को विभागीय योजनाओं और आधुनिक पशुपालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

कार्यक्रम में आधुनिक डेयरी प्रबंधन, चारा प्रबंधन, पशु रोग नियंत्रण और टीकाकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की ई-लॉटरी में चयनित लाभार्थियों को मुख्य विकास अधिकारी ने चयन पत्र और अनुमति पत्र वितरित किए।

50 वर्षों की विकास यात्रा और जागरूकता फिल्मों का हुआ प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ मुख्यालय से दुग्ध आयुक्त धन लक्ष्मी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। वहीं जूम लिंक के जरिए उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग की 50 वर्षों की विकास यात्रा और पशु रोग नियंत्रण एवं टीकाकरण पर आधारित लघु फिल्मों का भी प्रदर्शन किया गया।

विशेषज्ञों ने पशुपालन और रोग नियंत्रण पर दी उपयोगी जानकारी

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार सचान, प्रभारी कृषि विज्ञान केंद्र डॉ. विपिन कुमार और वैज्ञानिक डॉ. कुमार घनश्याम ने पशुओं के बेहतर रखरखाव, संतुलित चारा प्रबंधन, पशु रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।

कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधाओं पर भी हुआ मार्गदर्शन

कार्यक्रम में नाबार्ड की जिला विकास अधिकारी अलका और एलडीएम ने किसानों को कृषि ऋण तथा किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने दुग्ध विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ के बारे में विस्तार से बताया।

योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील

मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों और पशुपालकों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.