210 रुपये में मिलेगा खेल प्रशिक्षण, फिर खुलेगा पथिक स्टेडियम; डीएम की बड़ी पहल से खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच
ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में खेल गतिविधियों को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में लंबे समय से बंद पड़े शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन और खिलाड़ियों के लिए दोबारा संचालित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही स्टेडियम में विभिन्न खेलों के कोचिंग कैंप शुरू करने और बेहद कम शुल्क पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का भी फैसला लिया गया है।
स्टेडियम में शुरू होंगे विभिन्न खेलों के कोचिंग कैंप
एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिले में संचालित खेल गतिविधियों और खेल अवसंरचना की समीक्षा की गई। विचार-विमर्श के बाद तय किया गया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा निर्मित शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं को मजबूत कर दोबारा संचालित किया जाएगा। जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की ओर से प्रशिक्षकों की व्यवस्था कर फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग और शतरंज सहित कई खेलों के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वार्षिक शुल्क 210 रुपये
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शासन की व्यवस्था के अनुरूप शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क 210 रुपये रखा जाएगा। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए पहले महीने 310 रुपये और उसके बाद प्रत्येक माह 200 रुपये सदस्यता शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। साथ ही जनपद स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी इसी स्टेडियम में कराने का निर्णय लिया गया, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके।
प्राधिकरण के संचालन तक समिति चलाएगी खेल गतिविधियां
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने स्तर पर खेल गतिविधियों का संचालन शुरू नहीं करता, तब तक जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की ओर से स्टेडियम में कोचिंग कैंप संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए बनेगा रोस्टर
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और खेल अनुदेशकों का रोस्टर तैयार कर उन्हें नियमित रूप से स्टेडियम में आयोजित खेल गतिविधियों से जोड़ा जाए। साथ ही समय-समय पर प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को स्टेडियम में आमंत्रित कर युवा खिलाड़ियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे खिलाड़ियों को प्रेरणा और मार्गदर्शन मिल सके।
खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई प्रस्तावों को मंजूरी
बैठक में जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नाममात्र शुल्क पर मिलने वाला प्रशिक्षण गरीब और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए लाभकारी साबित होगा। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रस्तावों को समिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इनमें बास्केटबॉल, कबड्डी और नेटबॉल कोर्ट के लिए जल निकासी व्यवस्था, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में इंटरलॉकिंग कार्य, ग्राम सोरखा स्थित कुश्ती अखाड़े का विकास, मिनी जिम की स्थापना, स्टेडियम के हॉलों की मरम्मत, जिम और बॉक्सिंग हॉल में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, मैदानों का विकास, एग्जॉस्ट फैन लगाने, ओपन जिम की रेलिंग, घास काटने वाली मशीन की मरम्मत और विद्युत कार्यों के लिए इलेक्ट्रीशियन की व्यवस्था जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
बैठक में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, विधायक दादरी प्रतिनिधि योगेश सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, उप जिलाधिकारी एवं जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के सचिव अरविंद मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मंजीत सिंह, अमृता चौधरी, शिवेंद्र सिंह, पथिक स्टेडियम के प्रबंधक हरे कृष्णा, सुनील शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।