जिला पुस्तकालय को मिलेगा हाईटेक स्वरूप, डीएम ने दिए बड़े निर्देश; छात्रों और प्रतियोगी अभ्यर्थियों के लिए होगी नई सुविधाओं की व्यवस्था

0 31

गौतमबुद्धनगर: जिले के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और शोधार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में आयोजित जिला पुस्तकालय समिति की समीक्षा बैठक में पुस्तकालय की व्यवस्थाओं, अध्ययन सामग्री, आधारभूत सुविधाओं और जनसहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पुस्तकालय को आधुनिक और अधिक उपयोगी ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

पुस्तकालय को बनाया जाएगा ज्ञान और नवाचार का केंद्र

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिला पुस्तकालय केवल पुस्तकों के अध्ययन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, शोधार्थियों और आम नागरिकों के लिए ज्ञान, नवाचार और बौद्धिक विकास का प्रभावी केंद्र बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पाठकों की जरूरतों और समकालीन विषयों को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में नई, उपयोगी और गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों, पत्र-पत्रिकाओं तथा अन्य अध्ययन सामग्री की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

अधिक से अधिक युवाओं को पुस्तकालय से जोड़ने के निर्देश

बैठक में पाठक पंजीकरण और सदस्यता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों को पुस्तकालय से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से विद्यार्थियों की पुस्तकालय के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें नियमित रूप से पुस्तकालय आने के लिए प्रेरित किया जाए।

आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय भवन की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि फर्नीचर, कंप्यूटर, इंटरनेट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पाठकों को अध्ययन के लिए शांत, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

पुस्तक प्रदर्शनी और करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम होंगे आयोजित

बैठक में पुस्तक प्रदर्शनी, पुस्तक चर्चा, व्याख्यान, करियर मार्गदर्शन, साहित्यिक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का नियमित आयोजन करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला पुस्तकालय को विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों के लिए आधुनिक, आकर्षक और उपयोगी ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्राप्त सभी सुझावों पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर-12 नोएडा के प्रधानाचार्य, राजकीय जिला पुस्तकालय सेक्टर-12 नोएडा के समिति सदस्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.