बरी होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह का शक्ति प्रदर्शन, विशाल काफिले के साथ गोंडा पहुंचे, बोले- मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता

0 24

गोंडा: महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों से बरी होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहली बार अपने गृह जनपद गोंडा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अयोध्या से गोंडा तक विशाल काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। नंदनी कॉलेज में आयोजित “सत्यमेव जयते” समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक, साधु-संत और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उन्होंने शायरी के जरिए अपनी बात रखते हुए कहा, “मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता, पर इससे मेरे किरदार का कत्ल हो जाता।”

अयोध्या से शुरू हुआ काफिला, पहले किए हनुमानगढ़ी के दर्शन

बृजभूषण शरण सिंह दिल्ली से चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। वहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन-पूजन किए और आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद वह खुले वाहन में समर्थकों के विशाल काफिले के साथ गोंडा के लिए रवाना हुए। रास्ते भर विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से उनका स्वागत किया।

सत्यमेव जयते समारोह में उमड़ी भीड़

गोंडा के नंदनी कॉलेज परिसर में आयोजित सत्यमेव जयते समारोह में बृजभूषण शरण सिंह के पहुंचते ही समर्थकों ने नारों के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में अयोध्या से आए साधु-संतों ने उन्हें आशीर्वाद दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उनके जीवन की व्यक्तिगत और राजनीतिक यात्रा में संतों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद हमेशा मिलता रहा है।

शायरी के जरिए रखी अपनी बात

सभा को संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता, पर इससे मेरे किरदार का कत्ल हो जाता।” उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर चला आंदोलन अभूतपूर्व रहा और इस पूरे दौर में उन्हें बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिला।

भोजपुरी कलाकारों ने बांधा समा

समारोह में भोजपुरी गायकों और कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रितेश पांडेय, खुशी कक्कड़, गगनदीप सिंह, गुड्डू दूबे समेत कई कलाकारों ने गीत-संगीत से माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया। इसके अलावा थारू जनजाति की बेटियों ने पारंपरिक समूह नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवीन सिंह ने किया।

बेटे प्रतीक भूषण भी रहे मौजूद

अयोध्या से गोंडा तक के पूरे कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और गोंडा से विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। गोंडा पहुंचने पर बृजभूषण शरण सिंह ने समर्थकों की भारी मौजूदगी पर कहा कि लोगों में उत्साह है और सत्य की जीत हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.