टेक डेस्क: भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा IRCTC ने अपनी नई टिकट बुकिंग वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। नई वेबसाइट को आम यूजर्स के लिए पूरी तरह जारी करने से पहले टेस्टिंग के लिए उपलब्ध कराया गया है। इसमें बेहतर इंटरफेस, आसान नेविगेशन और सुरक्षा से जुड़े नए फीचर्स शामिल किए गए हैं।
नई वेबसाइट पर टिकट बुक करने से पहले पहली बार लॉगिन करने वाले यूजर्स को एक जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का सत्यापन किए बिना टिकट बुकिंग की सुविधा नहीं मिलेगी।
पहली बार लॉगिन पर मोबाइल और ईमेल वेरिफिकेशन जरूरी
नई IRCTC वेबसाइट पर पहली बार लॉगिन करने के बाद यूजर को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को वेरिफाई करना होगा। लॉगिन के बाद वेबसाइट अपने आप वेरिफिकेशन प्रक्रिया शुरू कर देगी।
इसके लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दोनों पर अलग-अलग ओटीपी भेजे जाएंगे। दोनों ओटीपी दर्ज करने के बाद ही अकाउंट का सत्यापन पूरा होगा। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, तब तक यूजर ट्रेन टिकट बुक नहीं कर पाएंगे।
एक बार वेरिफिकेशन के बाद बार-बार नहीं होगी जरूरत
IRCTC के अनुसार, मोबाइल और ईमेल वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद यूजर्स को हर बार लॉगिन करते समय दोबारा यह प्रक्रिया नहीं करनी होगी। कंपनी का कहना है कि इस बदलाव से अकाउंट की सुरक्षा मजबूत होगी और अनधिकृत इस्तेमाल का खतरा कम होगा।
नई वेबसाइट पर तत्काल टिकट बुकिंग होगी आसान
IRCTC ने दावा किया है कि नई बीटा वेबसाइट पर तत्काल टिकट बुकिंग को पहले के मुकाबले बेहतर बनाया गया है। वेबसाइट की बुकिंग क्षमता बढ़ाई गई है, जिससे यूजर्स को टिकट बुक करते समय बेहतर अनुभव मिल सकता है।
नई वेबसाइट में टिकट सर्च, बुकिंग, पीएनआर स्टेटस देखने और टिकट कैंसिल करने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है।
आधार ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया हुई आसान
नई वेबसाइट पर आधार सत्यापन की सुविधा भी पहले से सरल कर दी गई है। इसके लिए यूजर को IRCTC अकाउंट में लॉगिन करने के बाद ऊपर दिए गए यूजर आईडी विकल्प पर जाना होगा।
इसके बाद माय प्रोफाइल सेक्शन में जाकर ऑथेंटिकेट यूजर विकल्प चुनना होगा। अगर आधार पहले से लिंक है तो उसका स्टेटस दिखाई देगा। आधार लिंक नहीं होने की स्थिति में जरूरी जानकारी भरकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
IRCTC के मुताबिक तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी है।
नई वेबसाइट में दिखेंगे ये बड़े बदलाव
नई बीटा वेबसाइट में यूजर्स को पहले के मुकाबले ज्यादा साफ और आधुनिक डिजाइन देखने को मिलेगा। टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन खोजने तक की प्रक्रिया को आसान बनाने की कोशिश की गई है।
इसके अलावा माय प्रोफाइल सेक्शन से आधार ऑथेंटिकेशन की सुविधा, ओटीपी आधारित सुरक्षा और अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स जोड़े गए हैं।
हालांकि कुछ यूजर्स ने नए इंटरफेस को लेकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। कुछ लोगों का कहना है कि पुराना इंटरफेस उन्हें ज्यादा सुविधाजनक लगता था।
IRCTC ने बताया है कि फिलहाल वेबसाइट का बीटा वर्जन उपलब्ध है। टेस्टिंग के दौरान मिलने वाली कमियों को दूर करने के बाद इसे सभी यूजर्स के लिए पूरी तरह लागू किया जाएगा। आने वाले समय में इसमें और नए फीचर्स जोड़े जाने की संभावना है।