यूपी के 78 हजार कोटेदारों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, कमीशन ₹90 से बढ़कर ₹125 प्रति कुंतल; गौतमबुद्धनगर में 361 दुकानदारों को फायदा
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल करने की घोषणा की गई। इस फैसले से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को लाभ मिलेगा। वहीं गौतमबुद्धनगर में 361 उचित दर विक्रेता लाभान्वित होंगे।
ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ
मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से उचित दर विक्रेताओं से राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े फीडबैक, सुझाव और समस्याओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी।
नई व्यवस्था के जरिए वितरण प्रणाली से संबंधित समस्याओं को तेजी से संज्ञान में लेने और उनके निराकरण में मदद मिलेगी। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करने की दिशा में भी सहायता मिलेगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी, जनपद के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना। इस दौरान उचित दर विक्रेताओं के हित में लाभांश बढ़ाने के फैसले तथा नई ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली की जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई।
दादरी विधायक ने 361 कोटेदारों को दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर दादरी विधायक तेजपाल नागर ने गौतमबुद्धनगर की 361 उचित दर दुकानों के कोटेदारों को लाभांश बढ़ाए जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हितों को मजबूत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके हित में किए जा रहे प्रयासों से राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने भी निर्णय का किया स्वागत
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं को लाभांश में वृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं और शासन के इस निर्णय का स्वागत किया।
जेवर में भी देखा गया मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि नोएडा और दादरी विधानसभा क्षेत्रों के लिए कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया, जबकि जेवर विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम तहसील जेवर सभागार में हुआ। यहां जेवर ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी पहाड़िया, उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह, पूर्ति विभाग के अधिकारियों और कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, क्षेत्रीय जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, सभी पूर्ति निरीक्षक तथा पूर्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और उचित दर दुकानों के कोटेदार उपस्थित रहे।