प्लॉट के लालच में पत्नी ने प्रेमी सिपाही संग रची पति की हत्या की साजिश! ट्रेन से फेंककर मारने का आरोप, 7 लोगों पर FIR

0 18

कानपुर: बिठूर क्षेत्र के एक युवक की ट्रेन से फेंककर हत्या के मामले में उसकी पत्नी, उसके सिपाही प्रेमी और परिवार के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि प्लॉट और मकान की रजिस्ट्री को लेकर पत्नी ने अपने प्रेमी सिपाही के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। कोर्ट के आदेश के बाद बिठूर पुलिस ने मामले में 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 2025 की है। बिठूर के गांव लोधर निवासी राहुल कुमार सक्सेना का शव 4 दिसंबर 2025 को शिकोहाबाद में रेलवे ट्रैक के किनारे मिला था। मृतक के पिता विनोद कुमार सक्सेना ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे का पहले अपहरण किया गया और बाद में चलती ट्रेन से फेंक दिया गया।

सिपाही पर अपहरण कर ले जाने का आरोप

मृतक के पिता ने अपनी शिकायत में गांव पोहेना, थाना जवा, जिला अलीगढ़ निवासी और वर्तमान में यूपी 112 में तैनात कल्याणपुर के सिपाही राहुल कुमार पर आरोप लगाया था। शिकायत के मुताबिक, 1 दिसंबर 2025 को सिपाही राहुल कुमार उनके बेटे राहुल कुमार सक्सेना को अपने साथ ले गया था। उसे पनकी धाम स्टेशन पर भी देखा गया था।

आरोप है कि इसके बाद राहुल कुमार उनके बेटे को श्रमशक्ति ट्रेन से दिल्ली की तरफ ले गया। ग्राम कटौरा बुजुर्ग, शिकोहाबाद के पास चलती ट्रेन से उसे नीचे फेंक दिया गया। 4 दिसंबर को शिकोहाबाद पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर राहुल सक्सेना का शव पड़े होने की जानकारी परिवार को दी।

पत्नी पर प्रेमी और परिवार के साथ साजिश का आरोप

विनोद कुमार सक्सेना ने अपनी अर्जी में बहू नेहा देवी, उसके माता-पिता और भाइयों समेत कई लोगों को आरोपी बनाया था। शिकायत में कहा गया कि सिपाही राहुल कुमार के नेहा देवी से संबंध थे। आरोप है कि नेहा देवी अपने पति से मकान की रजिस्ट्री कराना चाहती थी और ऐसा न होने पर उससे रंजिश रखने लगी थी।

पिता का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते नेहा देवी ने अपने माता-पिता, भाइयों और सिपाही राहुल कुमार के साथ मिलकर राहुल सक्सेना की हत्या की साजिश रची। आरोप के मुताबिक, पहले सिपाही ने उसका अपहरण किया और फिर ट्रेन से ले जाकर उसे नीचे फेंक दिया।

कोर्ट पहुंचा मामला, अब दर्ज हुई एफआईआर

मृतक के पिता का कहना है कि बेटे की मौत के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कई प्रार्थनापत्र दिए, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट का रुख किया।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार शुक्ला ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद बिठूर पुलिस ने पत्नी, उसके सिपाही प्रेमी और परिवार के अन्य सदस्यों समेत आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इन लोगों के खिलाफ शिकायत

शिकायत में सिपाही राहुल कुमार, नेहा देवी, संदीप श्रीवास्तव, शिवानंद, सीता, सूरज और चेतन समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत में पांच अज्ञात लोगों का भी उल्लेख किया गया था। पुलिस अब पूरे मामले में आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.