अयोध्या के मछली भोज पर लाइव डिबेट में बवाल, राजू दास ने कांग्रेस प्रवक्ता को दी जूते मारने की धमकी

0 20

अयोध्या: अयोध्या में मछली भोज को लेकर शुरू हुआ विवाद अब टीवी डिबेट तक पहुंच गया है। लाइव बहस के दौरान हनुमानगढ़ी के संत राजू दास कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद की एक टिप्पणी पर भड़क गए। देखते ही देखते बहस तीखी हो गई और राजू दास ने कांग्रेस प्रवक्ता को जूते मारने की धमकी देने के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। लाइव कार्यक्रम में अचानक हुए इस घटनाक्रम से महिला एंकर भी हैरान रह गईं और दोनों को भाषा की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी।

मछली भोज का मामला रविवार को अयोध्या में हुए कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन से जुड़ा है। सोमवार को रायबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर इस मुद्दे को लेकर निशाना साधे जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई। इसी बीच मछली भोज को लेकर टीवी पर लाइव बहस आयोजित की गई, जिसमें राजू दास और कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद आमने-सामने थे।

कांग्रेस प्रवक्ता की टिप्पणी पर भड़के राजू दास

बहस के दौरान कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि कार्यक्रम निषाद समाज का था और उसमें अजय राय पहुंचे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि देश में भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों को लेकर अपराध की बात नहीं की जाती, लेकिन मछली खाने को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि सावन के महीने में मछली नहीं खाई जा सकती।

इसके बाद कांग्रेस प्रवक्ता ने राजू दास पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नॉनवेज खाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सावन का महीना होने के बावजूद राजू दास इस मुद्दे पर नहीं बोल रहे हैं। इसी दौरान राजू दास ने अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस प्रवक्ता ने उन्हें चुप रहने के लिए कहा।

लाइव डिबेट में बढ़ा विवाद, एंकर को बीच में करना पड़ा हस्तक्षेप

कांग्रेस प्रवक्ता के इस रवैये पर राजू दास नाराज हो गए। उन्होंने गुस्से में कांग्रेस प्रवक्ता को जूते मारने की धमकी दी और अपशब्दों का इस्तेमाल करने लगे। लाइव प्रसारण के दौरान अचानक इस तरह की भाषा सुनकर महिला एंकर भी असहज हो गईं। उन्होंने दोनों पक्षों को भाषा की मर्यादा बनाए रखने के लिए कहा और माहौल शांत कराने की कोशिश की। इसके बाद कार्यक्रम को समाप्त कर दिया गया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। कांग्रेस की ओर से राजू दास के खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी की बात कही जा रही है।

क्या है अयोध्या के मछली भोज का विवाद

अयोध्या में रविवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम में मछली बनाए जाने के कई वीडियो सामने आए थे। इसके बाद सोमवार को रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुद्दे को लेकर अजय राय पर हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर विरासत का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करते हैं और उसके बाद बाहर जाकर मछली की दावत करते हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के इस आचरण को दोहरा रवैया बताते हुए तीखी टिप्पणी की।

अजय राय बोले- फोटो दिखा दें तो इस्तीफा दे दूंगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर अजय राय ने पलटवार किया। उन्होंने मछली खाने से इनकार करते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री के पास उनके मछली खाने की कोई तस्वीर है तो उसे सामने लाया जाए, वह इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।

अजय राय ने कहा कि उन्हें निषाद समाज ने कार्यक्रम में बुलाया था। उनका कहना था कि अयोध्या जाने पर वह पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करते हैं और उसके बाद कार्यक्रम में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि निषाद समाज के कार्यक्रम में मछली का भोज कराया जा रहा था, जो आयोजकों का कार्यक्रम था। वह वहां गए, कार्यक्रम में शामिल हुए और फिर लखनऊ लौट आए।

अजय राय ने यह भी कहा कि मछली पालना, पकड़ना और खाना निषाद समाज की जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने भाजपा पर निषाद समाज का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज इसे भूलेगा नहीं।

मछली भोज का मामला थाने तक पहुंचा

अयोध्या के तारुन क्षेत्र में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम के दौरान कराए गए मछली भोज को लेकर थाने में भी शिकायत दी गई है। जनसत्ता लोकतांत्रिक दल के ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने तारुन थाने में तहरीर देकर आयोजकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 23 अगस्त को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम के दौरान तारुन बाजार स्थित मैरेज लॉन में मछली भोज का आयोजन हुआ था। शिकायतकर्ता ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में कांवड़ मार्ग पर इस तरह का आयोजन श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।

कार्यक्रम में मछली पकाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी के साथ शिकायत और कार्रवाई की मांग भी सामने आ गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.