नोएडा में ‘निधि आपके निकट 2.0’ के तहत आउटरीच कार्यक्रम, 147 लोगों ने दर्ज कराईं शिकायतें; पीएफ योजनाओं की दी गई जानकारी
नोएडा: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय नोएडा की ओर से ‘निधि आपके निकट 2.0’ के तहत 25 और 27 अगस्त 2026 को जिला आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का आयोजन सेक्टर-11 स्थित सहारा इंडिया कॉम्प्लेक्स और सेक्टर-132 स्थित सोप्रा स्टेरिया परिसर में किया गया। इसका उद्देश्य नियोक्ताओं, अंशदाताओं, पेंशनर्स और सदस्यों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ उन्हें भविष्य निधि संगठन की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था।
180 लोगों ने लिया हिस्सा, 147 आगंतुकों का पंजीकरण
दोनों कार्यक्रमों में करीब 180 लोगों ने भाग लिया। शिकायतों और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी जानकारी के लिए 147 आगंतुकों का पंजीकरण किया गया। भविष्य निधि कार्यालय की ओर से शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अलग-अलग डेस्क स्थापित की गई थीं। इनमें जीवन प्रमाण पत्र, सदस्य प्रोफाइल अपडेट और ई-नामांकन से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
अधिकारियों ने योजनाओं और नए सुधारों की दी जानकारी
कार्यक्रम का संचालन सहायक भविष्य निधि आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने किया। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I सुयश पाण्डेय भी मौजूद रहे और उन्होंने आगंतुकों से संवाद किया। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II कुमार राघवेन्द्र ने प्रस्तुति और परिचर्चा के माध्यम से नियोक्ताओं एवं कर्मचारियों को भविष्य निधि योजनाओं, पीएमवीबीआरवाई, सरल दावा प्रक्रिया और इससे जुड़े लाभों की जानकारी दी।
निष्क्रिय खातों और हितधारकों की जागरूकता पर भी जोर
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों, निर्देशों और वीडियो के माध्यम से लोगों को हितधारक जागरूकता, निष्क्रिय खातों और भविष्य निधि से जुड़े नए सुधारों की जानकारी दी गई। आगंतुकों ने कार्यक्रम के दौरान अपने अनुभवों और खुशी के पलों को तस्वीरों एवं वीडियो के माध्यम से साझा किया।
नियोक्ताओं और कर्मचारी प्रतिनिधियों ने की सराहना
सोप्रा स्टेरिया की ओर से सीईओ सुनील गोएल और एचआर हेड विम्मी छाछरा तथा सहारा इंडिया कॉम्प्लेक्स की ओर से अनुराग दुबे एवं यूनियन पदाधिकारी संदीप सिंह कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम से जुड़े भविष्य निधि संगठन के कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।
कर्मचारियों और नियोक्ताओं के हितों की सुरक्षा पर जोर
ईपीएफओ के अनुसार, जिला आउटरीच कार्यक्रम के माध्यम से उद्योग, कर्मचारियों, छूट प्राप्त संस्थानों और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की पहल की गई। इसका उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के साथ नियोक्ताओं के अधिकारों और सुविधाओं को भी सुनिश्चित करना है।