नोएडा में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा, ककराला खासपुर में बनेगा आयुष्मान आरोग्य मंदिर; सितंबर में पूरा होगा निर्माण

0 26

 

नोएडा: नोएडा में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में गौतमबुद्धनगर के नगरीय क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्रधानमंत्री जन आरोग्य कार्यक्रम के तहत नगरीय आयुष्मान मंदिर संचालित किए जाने हैं। इसी क्रम में नोएडा प्राधिकरण की ओर से ककराला खासपुर गांव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। इसका संचालन स्वास्थ्य विभाग, गौतमबुद्धनगर द्वारा किया जाएगा।

पोर्टेबल क्लीनिक के रूप में तैयार हो रहा केंद्र
नोएडा परिक्षेत्र के ककराला खासपुर में प्रस्तावित आयुष्मान आरोग्य मंदिर को पोर्टेबल क्लीनिक के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उनके नजदीक पहुंचाना है।

ओपीडी से लेकर टीकाकरण तक की सुविधाएं
प्रस्तावित वेलनेस सेंटर का आकार 12.200 × 9.150 मीटर रखा गया है। इसमें मरीजों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ओपीडी कक्ष, वेलनेस कक्ष, डे-केयर कक्ष, प्रतीक्षा क्षेत्र और स्टाफ रूम जैसी सुविधाएं शामिल की जा रही हैं। भवन पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, वेलनेस ओपीडी, फार्मेसी, टीकाकरण कक्ष, प्रतीक्षा क्षेत्र और स्टाफ रूम से संबंधित विवरण भी अंकित किया जाएगा।

प्रीफैब्रिकेटेड तकनीक से हो रहा निर्माण
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण प्रीफैब्रिकेटेड संरचना के रूप में किया जा रहा है। निर्माण में मजबूत एवं टिकाऊ सामग्री के साथ हीट इंसुलेटेड पैनल का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे अंदर आरामदायक वातावरण बना रहे। केंद्र में यूपीवीसी दरवाजे और खिड़कियां तथा सुरक्षित विद्युत प्रणाली भी स्थापित की जा रही है।

सितंबर में पूरा होने का प्रस्ताव
प्राधिकरण के अनुसार वेलनेस सेंटर का निर्माण कार्य सितंबर 2026 में पूरा कराया जाना प्रस्तावित है। निर्माण पूरा होने के बाद स्वास्थ्य विभाग, गौतमबुद्धनगर द्वारा इसका संचालन किया जाएगा। इससे ककराला खासपुर और आसपास के नगरीय क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.