UP International Trade Show 2026: गौतमबुद्धनगर में तैयारियां तेज, उद्योग प्रतिनिधियों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान

0 40

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण को सफल और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में जिले के प्रतिष्ठित उद्योगों और औद्योगिक संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रेड शो को लेकर उद्योग जगत की अपेक्षाओं, सुझावों और जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश की संभावनाओं, नवाचार और उद्यमिता को देश-दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में इस आयोजन में अहम भूमिका निभा सकता है। जिले के प्रतिष्ठित उद्योगों की भागीदारी से स्थानीय उत्पादों, आधुनिक तकनीक और नवाचार को बड़े बाजार तथा संभावित निवेशकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

उद्योगों से सक्रिय भागीदारी की अपील

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने उद्योग प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के उत्कृष्ट उत्पादों और सेवाओं के साथ यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर नए व्यावसायिक अवसरों और व्यापारिक साझेदारियों की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले ट्रेड शो में ओडीओपी, ओडीओसी, युवा उद्यमी, एमएसएमई, स्टार्टअप, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, ऑटो एवं इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, सिविल एविएशन एवं एमआरओ, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, फार्मा एवं हेल्थकेयर, नवीकरणीय ऊर्जा, हैंडलूम-हैंडीक्राफ्ट-खादी एवं टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों एवं सेवाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को भी मिलेगा मंच

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 सिर्फ औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों का मंच नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, क्राफ्ट और कुजीन की समृद्ध विरासत को दुनिया के सामने रखने का भी अवसर है। इससे देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को प्रदेश की विविधता और स्थानीय उत्पादों से परिचित होने के साथ व्यापार और निवेश की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।

यातायात और सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग प्रतिनिधियों और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत और पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि उद्योग प्रतिनिधियों की ओर से दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में उद्योगों और औद्योगिक संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने ट्रेड शो में औद्योगिक सहभागिता बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने तथा यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव साझा किए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और सभी के सहयोग से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को सफल एवं प्रभावी बनाया जाएगा।

इस अवसर पर डीसीपी रवि शंकर निम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनपद के प्रतिष्ठित उद्योगों एवं औद्योगिक संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.