UP International Trade Show 2026: ट्रेड शो से पहले सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर मंथन, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0 32

गौतमबुद्धनगर: 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आयोजन को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में पुलिस और विभिन्न प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ इंडिया एक्सपो मार्ट के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें आगंतुकों, प्रतिभागियों और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में यातायात व्यवस्था, वीआईपी आवागमन, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, आयोजन स्थल तक सुगम पहुंच, साफ-सफाई, विद्युत और पेयजल व्यवस्था, साइनेज, ब्रांडिंग समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

यातायात और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश, व्यापार और उद्यमिता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। ट्रेड शो में देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों और अन्य प्रतिनिधियों के साथ आम लोगों के भी पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आगंतुकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।

उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल के आसपास और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग, डायवर्जन और दिशा-सूचक बोर्ड समय से लगाए जाएं। इसके साथ ही पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था, शटल सेवा और आयोजन स्थल तक आगंतुकों के सुगम आवागमन के लिए जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

सीसीटीवी और पुलिस बल की तैनाती पर जोर

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ट्रेड शो के दौरान सुरक्षा से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में कमी नहीं रहनी चाहिए।

पेयजल, बिजली और प्राथमिक चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था

आयोजन स्थल और उसके आसपास स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था के साथ प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आगंतुकों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थल के आसपास स्पष्ट एवं आकर्षक साइनेज लगाने को कहा गया।

ट्रेड शो की व्यापक ब्रांडिंग को लेकर भी चर्चा हुई। इसके तहत आवश्यक स्थानों पर होर्डिंग, फ्लेक्स और एलईडी डिस्प्ले लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

तैयारियों में लापरवाही नहीं करने के निर्देश

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रेड शो की तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाए। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें और आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा सके।

बैठक में डीसीपी रवि शंकर निम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय, आरएम नोएडा एम. के. सिंह, एआरएम ग्रेटर नोएडा समीना अंजुम, एआरएम गाजियाबाद एस.डी. शर्मा, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह, एसीपी ट्रैफिक शकील मौ0, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.