बेटे ने मां को प्रेमी संग आपत्तिजनक हालत में देखा, राज खोलने की धमकी दी तो दबा दिया गला; कानपुर में सनसनीखेज वारदात

0 30

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 14 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि किशोर ने मां और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और इस रिश्ते की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को देने की धमकी दी थी। इसके बाद कथित तौर पर मां और उसके प्रेमी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। मामले का खुलासा तब हुआ, जब घटना से घबराए प्रेमी ने अपने घर में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की।

घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। किशोर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाइयों की उम्र 11 और आठ साल है। उसके पिता गुजरात में रहकर काम करते हैं। घटना से दो दिन पहले रात करीब नौ बजे किशोर घर से सामान लेने के लिए निकला था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला उसकी मां का प्रेमी मौका पाकर घर पहुंच गया।

कुछ देर बाद किशोर घर लौटा तो उसने मां और युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। उसने दोनों का विरोध किया। मां ने उसे चुप कराने और रोकने की कोशिश की, लेकिन किशोर नहीं माना। उसने गांव में रहने वाले अपने चाचा-ताऊ को पूरी बात बताने की धमकी दी। इसके बाद मामला हिंसक हो गया।

शोर मचाने लगा तो कथित तौर पर दबा दिया गला

आरोप है कि किशोर के लगातार शोर मचाने पर मां ने उसका मुंह दबाने की कोशिश की। इसी दौरान उसके प्रेमी ने भी महिला का साथ दिया। दोनों ने मिलकर किशोर का गला दबा दिया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद युवक अपने घर पहुंचा और वहां फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंच गए और उसे बचा लिया। ग्रामीणों के पूछने पर युवक ने आत्महत्या की कोशिश की वजह बताई और कथित तौर पर पूरी घटना की जानकारी दे दी। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया।

रात होने के कारण ग्रामीण महिला के घर नहीं गए। सुबह बच्चे की मौत की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।

महिला ने बताई अलग कहानी, पोस्टमार्टम में मिले चोट के निशान

परिजनों और ग्रामीणों के सवाल करने पर महिला ने बताया कि गुरुवार रात उसका बेटा आटा लेने के लिए गया था। वापस लौटने के बाद उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के दौरान किशोर के गले और शरीर पर चोट के निशान मिले। फिलहाल विसरा सुरक्षित रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, हिस्टोपैथोलॉजी जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

पिता गुजरात से पहुंचा, बोला- अब बच्चों को कौन पालेगा

बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसका पिता गुजरात से कानपुर पहुंचा। पोस्टमार्टम के बाद वह शव लेकर गांव पहुंचा। पुलिस ने जब उसे मामले की जानकारी दी तो उसने सवाल किया कि अब बच्चों को कौन पालेगा।

पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या की बात सामने आ रही है। हालांकि, अभी परिवार की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। ऐसे में यदि परिजनों की तरफ से शिकायत नहीं मिलती है तो पुलिस खुद वादी बनकर मुकदमा दर्ज कर सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.