यूपी में 400 यूनिट क्षमता का ब्लड बैंक तैयार, सीएम योगी आज करेंगे उद्घाटन; मरीजों को मिलेंगे रक्त के अलग-अलग अवयव

0 23

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 400 यूनिट रक्त रखने की क्षमता वाला चैरिटेबल ब्लड सेंटर तैयार हो गया है। तारामंडल स्थित आईएमए भवन में बने इस ब्लड सेंटर का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह 10 बजे लोकार्पण करेंगे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला इकाई इस सेंटर का संचालन करेगी। करीब 2500 वर्गफीट क्षेत्रफल में बने सेंटर के निर्माण पर लगभग 80 लाख रुपये की लागत आई है।

आईएमए का पहला ब्लड सेंटर

आईएमए के सचिव डॉ. वाई सिंह और संयुक्त सचिव डॉ. दिनेश चंद्रा ने बताया कि यह आईएमए की ओर से संचालित पहला ब्लड सेंटर होगा। इसमें करीब 400 यूनिट रक्त रखने की क्षमता है। सेंटर में ब्लड सेपरेशन यूनिट भी स्थापित की गई है, जिससे रक्त के अलग-अलग अवयव तैयार किए जा सकेंगे।

नो प्रॉफिट, नो लॉस पर होगा संचालन

आईएमए के अध्यक्ष डॉ. आरपी शुक्ला ने बताया कि चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्देश्य मरीजों को कम से कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण रक्त और उसके अवयव उपलब्ध कराना है। सेंटर को नो प्रॉफिट, नो लॉस के आधार पर संचालित किया जाएगा।

भविष्य में जरूरत के अनुसार अस्पतालों में सीधे रक्त उपलब्ध कराने और एंबुलेटरी रक्तदान की सुविधा शुरू करने की भी योजना है। सेंटर के सुचारू संचालन के लिए तीन स्तरीय समिति बनाई गई है, जिसमें एडवाइजरी बोर्ड, स्थायी समिति और पैथोलॉजिस्ट सदस्य शामिल हैं।

इन डॉक्टरों को मिली जिम्मेदारी

एडवाइजरी बोर्ड में डॉ. अवधेश अग्रवाल, डॉ. विनय राय और डॉ. बृजेश जायसवाल शामिल हैं। स्थायी समिति के चेयरमैन डॉ. वाई. सिंह हैं। समिति में डॉ. दिनेश चंद्रा, डॉ. अमरेश सिंह, डॉ. एपी गुप्ता, डॉ. बीबी गुप्ता, डॉ. डीके सिंह, डॉ. महेंद्र अग्रवाल, डॉ. आरपी शुक्ला, डॉ. एससी कौशिक और डॉ. शैलेश मौर्य सदस्य हैं।

पैथोलॉजिस्ट सदस्यों में डॉ. अशोक गुप्ता, डॉ. संतोष चौरसिया और डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव शामिल हैं।

पीआरबीसी, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स भी मिलेंगे

डॉ. वाई सिंह के अनुसार, ब्लड सेंटर में होल ब्लड के अलावा पैक्ड रेड ब्लड सेल्स यानी पीआरबीसी, प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और क्रायो भी तैयार किए जाएंगे। इसके लिए ब्लड सेपरेशन सेंटर संचालित किया जाएगा।

किसी सरकारी या निजी अस्पताल में मरीज को रक्त की जरूरत होने पर उपलब्धता के अनुसार यहां से रक्त और रक्त के अलग-अलग अवयव उपलब्ध कराए जाएंगे।

3.09 करोड़ से बना कल्याण मंडपम भी होगा शुरू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर शहर के आठवें कल्याण मंडपम का भी लोकार्पण करेंगे। उर्वरक नगर के जंगल नकहा में 3.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस कल्याण मंडपम में लोग रियायती दरों पर बेटियों की शादी कर सकेंगे।

जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के मुताबिक, वार्ड नंबर 54 के उर्वरक नगर अंतर्गत जंगल नकहा नंबर 2 में 2461 वर्गमीटर भूमि पर इसका निर्माण कराया गया है। दो तल के इस भवन में 300 लोगों की क्षमता वाले विभिन्न मांगलिक, सामाजिक और उत्सवी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा भी लिया। गोरखपुर में अब तक सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों हो चुका है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.