गौतमबुद्धनगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जले 2.32 लाख से ज्यादा दीप, 246 लोगों ने किया रक्तदान; 1,560 मरीजों को बांटे फल
गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत गौतमबुद्धनगर में सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थी परिवारों, प्रमुख सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण का संकल्प लिया।
आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में 2,32,529 दीप प्रज्ज्वलित
अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से जोड़ा गया। जिले में कुल 1,85,039 लाभार्थी परिवारों ने दीप प्रज्ज्वलित किए।
कार्यक्रम को केवल लाभार्थी परिवारों तक सीमित नहीं रखा गया। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, स्मारकों, मंदिरों, मठों और अन्य धार्मिक स्थलों के साथ सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में भी दीप प्रज्ज्वलन किया गया।
जिले में 2,383 प्रमुख परियोजनाओं, घाटों, मंदिरों, स्कूलों और अन्य स्थानों पर 47,490 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। सार्वजनिक कार्यक्रमों सहित जिले में कुल 2,32,529 दीप जलाए गए।
21 स्थानों पर रक्तदान शिविर, 246 लोगों ने किया रक्तदान
सेवा दिवस के अवसर पर जिले में 21 स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 246 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए इस अभियान में भागीदारी की और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
340 लाभार्थियों को बांटी गई टूल किट
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के पात्र लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। जिले में कुल 340 लाभार्थियों को टूल किट दी गई।
इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और कौशल आधारित कार्य करने वाले लोगों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके काम को बढ़ावा देना और स्वरोजगार तथा आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना रहा।
1,560 मरीजों को वितरित किए गए फल
सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों के बीच फल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान कुल 1,560 मरीजों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से मरीजों के प्रति सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
सेवा और जनभागीदारी के जरिए दिया जनकल्याण का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’, रक्तदान, फल वितरण और टूल किट वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा दिया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों, लाभार्थियों और आम लोगों की सहभागिता से जिले में सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।