निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत, बदला हुआ था नाम; चाय की दुकान में फंदे से लटका मिला शव

0 19

हरिद्वार: चर्चित निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला स्थित सप्त सरोवर क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने एक चाय की दुकान से बरामद हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अल्मोड़ा में रहने वाले उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, शहर कोतवाली की सप्त ऋषि पुलिस चौकी को सप्त सरोवर रोड स्थित चाय की दुकान में एक व्यक्ति के मृत मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान अल्मोड़ा के भिकियासैंण क्षेत्र के ग्राम मंगरुखाल निवासी सुरेंद्र कोली के रूप में की।

करीब एक महीने से हरिद्वार में रह रहा था

सुरेंद्र कोली करीब एक महीने से हरिद्वार में रह रहा था। उसने चाय का खोखा किराये पर लिया था और वहीं चाय की दुकान चलाता था। शुरुआती जांच में पुलिस को दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के अनुसार, मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली के रूप में हुई है, जो निठारी मामले में आरोपी था।

हरिद्वार में बदला हुआ था नाम

पुलिस के मुताबिक, हरिद्वार में रहने के दौरान सुरेंद्र कोली अपना नाम सदा राम बताता था। उसकी पहचान सामने आने के बाद यह जानकारी सामने आई। उसके चाय के खोखे से अल्मोड़ा का एक वोटर कार्ड मिला, जिस पर नाम सदा राम दर्ज था। वहीं, बरामद आधार कार्ड पर सुरेंद्र कोली नाम लिखा था। इसी दस्तावेज के आधार पर उसकी पहचान निठारी कांड के आरोपी के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, उसके परिवार में भी विवाद चल रहा था। बताया गया है कि घटना से एक दिन पहले उसने अपने घरवालों को मोबाइल से फोन किया था और बातचीत के दौरान उसकी कहासुनी हुई थी।

दोस्तों ने बताई आखिरी दिनों की कहानी

हरिद्वार में सुरेंद्र कोली के संपर्क में आए धर्मेंद्र कौशिक और जय कश्यप ने पुलिस को उसके बारे में जानकारी दी। धर्मेंद्र कौशिक ने उसकी नौकरी दीप गंगा अपार्टमेंट में त्यागी सिक्योरिटी सर्विस में लगवाई थी। इससे पहले उसने सिडकुल की एक फैक्ट्री में भी सुरक्षा गार्ड की नौकरी की थी, लेकिन उसने दोनों जगह काम छोड़ दिया था।

धर्मेंद्र के मुताबिक, तीन दिन पहले ही उसने भूपतवाला हरिद्वार रोड पर लालमाता मंदिर के सामने चाय का टीन का खोखा किराये पर दिलवाया था। सुरेंद्र अपना सामान लेकर वहीं रहने लगा था। वह किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था और पिछले दो-तीन दिनों से चाय और बिस्किट बेच रहा था।

सुबह दुकान का शटर खोला तो मिला शव

धर्मेंद्र कौशिक ने बताया कि वह सुबह करीब 10 बजे सुरेंद्र से मिलने पहुंचा था। दुकान बंद देखकर उसने शटर खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। उसे लगा कि सुरेंद्र सो रहा होगा, क्योंकि वह शुगर का मरीज भी था। इसके बाद जब उसने शटर खोला तो वह अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गया। सुरेंद्र खोखे के अंदर रस्सी से लटका मिला।

धर्मेंद्र ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से एक डायरी भी मिली है, जिसमें वह रोजाना के खर्च और काम का हिसाब लिखता था। हालांकि, पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

बच्चे के जन्मदिन को लेकर घर पर हुई थी कहासुनी

धर्मेंद्र कौशिक ने बताया कि सुरेंद्र स्वभाव से मिलनसार था और उसके व्यवहार के कारण लोग उससे जल्दी घुल-मिल जाते थे। उसने कभी अपने बारे में यह नहीं बताया था कि वह निठारी कांड का आरोपी रह चुका है। धर्मेंद्र के मुताबिक, वह पिछले कुछ दिनों से परेशान था। उसने बताया था कि अगले दिन उसके बच्चे का जन्मदिन है और घटना से एक दिन पहले उसने शाम को चाय की दुकान से घर फोन किया था। फोन पर उसकी कहासुनी हुई थी।

जय कश्यप ने बताया कि उसने भी सुरेंद्र की नौकरी सिडकुल की एक सुरक्षा सेवा में लगवाई थी। जब फैक्ट्री में उससे पहचान पत्र मांगा गया तो उसने कहा कि उसे पहाड़ से अपनी आईडी मंगवानी पड़ेगी। उस दौरान भी उसने अपना नाम सदा राम बताया था।

2025 में सुप्रीम कोर्ट से सभी मामलों में मिला था बरी होने का आदेश

सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2006 में सामने आए निठारी हत्याकांड से जुड़ा था। लंबे समय तक चले मुकदमों में उसे कई मामलों में दोषी ठहराया गया था। बाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कई मामलों में उसे बरी कर दिया था।

जुलाई 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने उसके खिलाफ 12 मामलों में बरी किए जाने के फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने लंबित अंतिम मामले में भी उसकी दोषसिद्धि रद्द करते हुए उसे बरी करने का आदेश दिया था। अदालत ने उसे तत्काल रिहा करने का निर्देश दिया था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.