अभिजीत दीपके के मुकाबले नेहा बोरा को आगे कर रहे राहुल गांधी? CJP नेता ने दिया बड़ा जवाब

0 26

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कांग्रेस और राहुल गांधी को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या राहुल गांधी उन्हें काउंटर करने के लिए छात्र नेता नेहा बोरा को आगे कर रहे हैं? इस सवाल पर अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका और इंडिया गठबंधन का आंदोलन एक ही उद्देश्य को लेकर है, लेकिन उनकी पार्टी एक स्वतंत्र प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करती रहेगी।

राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने पर उठे सवाल

दरअसल, हाल के दिनों में नेहा बोरा कई मौकों पर राहुल गांधी और कांग्रेस के कार्यक्रमों में नजर आई हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी नेहा बोरा ने अपनी बात रखी थी। इसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हुई कि क्या कांग्रेस अभिजीत दीपके और सीजेपी के प्रभाव को संतुलित करने के लिए नेहा बोरा को आगे कर रही है।

अभिजीत दीपके ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सीजेपी के मंचों पर आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों के नेता नजर आए हैं, लेकिन कांग्रेस ने अभी तक सीजेपी नेताओं के साथ मंच साझा नहीं किया है।

दीपके बोले- हमारा और INDIA ब्लॉक का मकसद एक

पत्रकारों के सवाल पर अभिजीत दीपके ने कहा कि सभी का उद्देश्य एक है और वे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार चुनावों में धांधली कर रहे हैं और नरेंद्र मोदी को सत्ता में बने रहने में मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र प्रेशर ग्रुप है और आगे भी इसी रूप में काम करती रहेगी। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि वह इंडिया ब्लॉक के खिलाफ है। उनके मुताबिक सीजेपी और इंडिया ब्लॉक का आंदोलन एक समान उद्देश्य के लिए है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या सीजेपी भविष्य में राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत होने जा रही है, तो अभिजीत दीपके ने इससे इनकार करते हुए कहा कि ऐसा कोई फैसला नहीं है।

सीजेपी ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर उठाए हैं सवाल

गौरतलब है कि सीजेपी नेताओं ने कई मौकों पर भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई की तुलना सीजेपी नेताओं ने 1975 में लगाए गए आपातकाल से की थी। इसके अलावा सीजेपी नेता सौरव दास को कई मौकों पर इंदिरा गांधी की नीतियों की आलोचना करते हुए भी देखा गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.