गौतमबुद्धनगर के स्कूलों में खुलेंगे विधि साक्षरता क्लब, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को संविधान और कानून की मिलेगी जानकारी

0 42

गौतमबुद्धनगर: संविधान संवाद अभियान के तहत जनपद के विद्यालयों में विधि साक्षरता क्लब स्थापित किए जाएंगे। इन क्लबों के माध्यम से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, विधिक अधिकारों और कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके लिए बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर स्थित मीटिंग हॉल में शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने की।

नोडल शिक्षक करेंगे क्लबों का संचालन

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान सचिव शिवानी रावत ने बताया कि जनपद के सभी विद्यालयों में विधि साक्षरता क्लब स्थापित किए जाने हैं। इन क्लबों के माध्यम से संविधान संवाद और संवैधानिक साक्षरता अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं समेत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रत्येक विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों में से एक को नोडल शिक्षक के रूप में नामित किया जाएगा। नोडल शिक्षक क्लब की नियमित निगरानी करने के साथ अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतमबुद्धनगर की ओर से नामित नोडल शिक्षकों की सूची भी उपलब्ध कराई गई।

संविधान, पॉक्सो और निःशुल्क कानूनी सहायता पर प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों को भारतीय संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), निःशुल्क विधिक सहायता, राज्य के विभिन्न अंगों और निर्वाचन व्यवस्था से संबंधित विषयों की जानकारी दी गई।

इसके अलावा संविधान संवाद अभियान के तहत जारी निर्देशों के अनुपालन और विद्यालयों में विधि साक्षरता क्लबों के प्रभावी संचालन के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच संवैधानिक समझ विकसित करना और उन्हें अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने लिया हिस्सा

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/एफटीसी-प्रथम सिद्धार्थ कुमार, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) अंकिता सिंह, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) जूही आनंद, अधिवक्ता मध्यस्थ शिखर ठकराल, असिस्टेंट अधिवक्ता एलएडीसीएस विपुल यादव और अधिवक्ता मध्यस्थ सारिका मलिक सहित संबंधित शिक्षक उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.