ग्रेटर नोएडा में 200 युवाओं ने जाना वोट का महत्व, ‘विकसित भारत युवा संवाद’ में मतदान और लोकतंत्र पर हुई चर्चा
गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा स्थित जेआईएमएस में बुधवार को ‘विकसित भारत युवा संवाद- Know Your Vote’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। माय भारत, गौतमबुद्धनगर ने जेआईएमएस के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें करीब 200 युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भाजपा की उत्तर प्रदेश प्रदेश मंत्री महामेधा नागर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहीं, जबकि युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राज नागर ने संयोजक की भूमिका निभाई।
माय भारत की पहल और युवा संसद की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान माय भारत के उपनिदेशक शिवेंद्र सिंह ने युवाओं को संगठन की विभिन्न गतिविधियों और पहलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 और विकसित भारत युवा संसद के बारे में बताया।
शिवेंद्र सिंह ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक और विकासात्मक भविष्य को मजबूत बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है। माय भारत का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, सक्रिय और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है। उन्होंने युवाओं से इस मंच से जुड़ने और विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हुआ संवाद
युवा आइकॉन प्रियांशु चौधरी ने ‘Know Your Vote’ विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद महामेधा नागर और प्रियांशु चौधरी ने युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
महामेधा नागर ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक का जागरूक और जिम्मेदार होना जरूरी है। युवाओं को मतदाता के तौर पर अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी रखनी चाहिए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। संवाद के दौरान युवाओं ने भी सवाल-जवाब सत्र में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

खेलों में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम में खेल के क्षेत्र में जिला और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें बॉक्सिंग की खिलाड़ी प्रिया सिंह, कबड्डी के आदिल हुसैन, नेटबॉल की लक्ष्मी सिंह, कुश्ती के सचिन कुमार और जूडो के जीशान गिल शामिल रहे।
जेआईएमएस के अधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जेआईएमएस के निदेशक प्रोफेसर डॉ. सचिन यादव, कुलसचिव डॉ. आर.एन. राजोटिया, एचओडी और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंबिका राठी, डॉ. सर्वेंद्र तिवारी और डॉ. योगेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ और राष्ट्रगान के साथ हुआ।