नोएडा में सफाई व्यवस्था पर CEO नाराज, 72 जगह मिली गंदगी; अधिकारियों को 10 दिन का अल्टीमेटम

0 30

नोएडा: आगामी त्योहारों को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने शहर की सफाई, बिजली, जलापूर्ति और सीवेज व्यवस्था की समीक्षा की। 4 नवंबर 2026 को हुई बैठक में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने शहर के 312 स्थानों का निरीक्षण कराया। इनमें करीब 72 जगहों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर CEO ने गहरी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को अगले 10 दिनों में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

बैठक में नोएडा प्राधिकरण के दोनों महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा और एस.पी. सिंह सहित सभी वर्क सर्किल, जल खंड और विद्युत खंड के वरिष्ठ प्रबंधक मौजूद रहे।

10 दिन में सफाई सुधारने का निर्देश, कार्रवाई की चेतावनी

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही उनके अधीनस्थ प्रबंधकों और अवर अभियंताओं को भी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा गया।

अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अगले 10 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करें। अगली समीक्षा बैठक में यदि स्थिति बेहतर नहीं मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और प्रबंधक, सहायक प्रबंधक तथा सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।

त्योहारों के लिए घाट और अस्थायी तालाब समय से तैयार करने के निर्देश

त्योहारों के दौरान शहर के अलग-अलग स्थानों पर बनाए जाने वाले अस्थायी तालाबों और घाटों को समय से पहले तैयार करने के निर्देश दिए गए। CEO ने इन स्थानों पर जरूरत के मुताबिक सुरक्षा इंतजाम करने को भी कहा।

इसके अलावा घाटों और तालाबों का सौंदर्यीकरण कराने, आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था करने और वहां पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बिजली, पानी और सीवेज व्यवस्था पर भी नजर

समीक्षा बैठक में सफाई के साथ-साथ शहर की विद्युतीकरण, जलापूर्ति और सीवेज व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने और सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.