‘मेरा हमेशा से यही प्लान रहा है…’ इस्तीफे की अटकलों पर मार्को रुबियो का बड़ा बयान, ट्रंप प्रशासन छोड़ने से किया इनकार

0 13

वाशिंगटन: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रंप प्रशासन से इस्तीफा देने की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ किया है कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का कार्यकाल समाप्त होने तक उनके साथ काम करना उनकी पहले से तय योजना रही है। हाल ही में रिपब्लिकन पार्टी को मिडटर्म चुनाव में मिली हार के बाद रुबियो के राजनीतिक भविष्य और प्रशासन में उनकी भूमिका को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।

इस्तीफे की खबरों को बताया निराधार

द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में मार्को रुबियो ने पद छोड़ने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि इस तरह की निराधार बातें कहां से शुरू होती हैं। उन्होंने दोहराया कि ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक प्रशासन में बने रहना उनकी योजना का हिस्सा है।

दरअसल, इससे पहले ब्लूमबर्ग न्यूज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रुबियो प्रशासन छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उन्होंने पद छोड़ने के संबंध में व्हाइट हाउस के अधिकारियों से बातचीत की थी, लेकिन उन्हें पद पर बने रहने के लिए कहा गया।

अमेरिकी विदेश विभाग ने भी रिपोर्ट को किया खारिज

इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने भी इसका खंडन किया। वैश्विक जन मामलों के सहायक विदेश मंत्री डायलन जॉनसन ने ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट को पूरी तरह मनगढ़ंत बताया।

इसके अलावा उन्होंने द इंडिपेंडेंट की उस खबर को भी बेबुनियाद और फर्जी करार दिया, जिसमें दावा किया गया था कि रुबियो वर्ष 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उम्मीदवारी की तैयारी कर रहे हैं।

2028 के राष्ट्रपति चुनाव पर रुबियो ने क्या कहा?

मार्को रुबियो इस समय विदेश मंत्री के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में उन्हें 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए डोनल्ड ट्रंप के संभावित उत्तराधिकारियों में शामिल माना जा रहा है।

हालांकि, जब उनसे अपने राजनीतिक भविष्य और 2028 के चुनाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। रुबियो ने स्पष्ट कहा कि वह फिलहाल 2028 के बारे में कोई बात नहीं करना चाहते।

जेडी वेंस को समर्थन देने की बात कह चुके हैं रुबियो

इससे पहले मार्को रुबियो साफ कर चुके हैं कि यदि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वर्ष 2028 में राष्ट्रपति पद के चुनाव में उतरते हैं, तो वह उनका पूरा समर्थन करेंगे।

जेडी वेंस को भी रिपब्लिकन पार्टी में डोनल्ड ट्रंप के संभावित राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है। ऐसे में रुबियो के ताजा बयान के बाद उनके इस्तीफे और भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लगता दिखाई दे रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.