धनतेरस पर खरीदारी के लिए पूरे दिन शुभ मुहूर्त, शाम 5:20 बजे से करें यम दीपदान; जानें पूजा का सही समय

0 21
हल्द्वानी: दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत आज यानी 6 नवंबर को धनतेरस के साथ हो रही है। इस मौके पर खरीदारी के लिए सुबह से सूर्यास्त तक शुभ समय बताया गया है। वहीं, शाम को मृत्यु के देवता यमराज की पूजा के साथ यम दीपदान किया जाएगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. नवीन जोशी के मुताबिक, इस बार धनतेरस पर धनवर्षा योग के साथ कई शुभ संयोग बन रहे हैं। मान्यता है कि इन योगों में खरीदारी और पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है।

धनतेरस पर बन रहा धनवर्षा योग

ज्योतिषाचार्य डॉ. नवीन जोशी ने बताया कि धनतेरस पर पूरे दिन अमृत और हस्त नक्षत्र के साथ विष्कुम्भ योग तथा तैतिल और वणिज करण का संयोग रहेगा। इन योगों को धन-धान्य और सुख-समृद्धि के लिहाज से शुभ माना जाता है। इस दिन प्रदोष व्रत भी रखा जाएगा।

सुबह 7:55 बजे से सूर्यास्त तक खरीदारी का शुभ समय

डॉ. जोशी के अनुसार, धनतेरस पर खरीदारी का सामान्य शुभ मुहूर्त सुबह 7:55 बजे से लेकर सूर्यास्त तक रहेगा। वहीं, अभिजित मुहूर्त सुबह 11:40 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक है।

इस दिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक राहुकाल रहेगा। इस अवधि में लोहे और लकड़ी के उपकरणों की खरीदारी को मध्यम फलदायी माना गया है।

शाम 5:20 से रात 8:30 बजे तक यम दीपदान

धनतेरस पर यमराज की पूजा और दक्षिण दिशा में दीपदान का विशेष महत्व बताया गया है। यम दीपदान का शुभ समय शाम 5:20 बजे से रात 8:30 बजे तक रहेगा।

इस दौरान घर के बाहर दक्षिण दिशा में दीपक जलाकर यमराज से परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है। मान्यता के अनुसार, इस परंपरा का उद्देश्य परिवार को अकाल मृत्यु के भय से सुरक्षा की प्रार्थना करना है।

7 नवंबर को छोटी दीपावली, 8 को मुख्य दीपोत्सव

धनतेरस के बाद दीपावली के अन्य पर्व भी लगातार मनाए जाएंगे। सात नवंबर को छोटी दीपावली होगी, जबकि आठ नवंबर को मुख्य दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन किया जाएगा।

मुख्य दीपावली के दिन महालक्ष्मी पूजा के लिए प्रदोष और वृषभ काल का मुहूर्त शाम 5:18 बजे से 7:46 बजे तक रहेगा।

11 नवंबर तक जारी रहेंगे त्योहार

दीपावली के बाद नौ नवंबर को सोमवती अमावस्या मनाई जाएगी। इसके अगले दिन यानी 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का पर्व होगा। वहीं, 11 नवंबर को भैया दूज के साथ बग्वाली पर्व मनाया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.