लॉस एंजिल्स में भारतीय मूल की नित्या रामन ने रचा इतिहास, मेयर करेन बास को हराया; ट्रंप ने चुनाव पर उठाए सवाल

0 27

वॉशिंगटन: अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में भारतीय मूल की नित्या रामन ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर करते हुए लॉस एंजिल्स के मेयर पद पर जीत दर्ज की है। उन्होंने मौजूदा मेयर करेन बास को हराकर अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर की कमान अपने नाम कर ली है। हालांकि, उनकी इस जीत पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बड़े अमेरिकी शहरों में डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेताओं की जीत को संभावित तबाही बताया है।

तीन बड़े अमेरिकी शहरों में समाजवादी विचारधारा वाले नेताओं का नेतृत्व

अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में नित्या रामन की जीत के साथ ही वाशिंगटन डीसी में भी डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट उम्मीदवार जनीस लुईस जॉर्ज मेयर चुनी गई हैं। इससे पहले पिछले साल भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर का चुनाव जीतकर इतिहास बनाया था।

इन नतीजों के बाद अमेरिका के तीन प्रमुख शहरों- लॉस एंजिल्स, वाशिंगटन डीसी और न्यूयॉर्क का नेतृत्व डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेताओं के हाथों में होगा। इसे अमेरिकी राजनीति में प्रगतिशील विचारधारा के बढ़ते प्रभाव के तौर पर देखा जा रहा है।

चुनावी नतीजों से नाराज ट्रंप ने दी तबाही की चेतावनी

मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के दोनों सदनों पर नियंत्रण खोने के बाद ट्रंप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने वामपंथी और प्रगतिशील उम्मीदवारों की जीत पर नाराजगी जताई है।

चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि लोगों को देखना होगा कि आगे क्या होता है। उन्होंने आशंका जताई कि जब लोग असंतुष्ट होंगे तो बदलाव की मांग करेंगे, लेकिन कई बार यह बदलाव बहुत देर से आता है। उस स्थिति में किसी शहर, राज्य या देश को पहले जैसी स्थिति में लाना मुश्किल हो सकता है।

ट्रंप ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि यह एक बड़ी तबाही साबित हो सकती है। उन्होंने न्यूयॉर्क के एक व्यक्ति के साथ अपने अच्छे संबंधों का भी जिक्र किया और कहा कि आगे देखते हैं कि हालात किस दिशा में जाते हैं।

लॉस एंजिल्स के चुनाव में धांधली का आरोप

ट्रंप ने लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव के नतीजों पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने रूढ़िवादी उम्मीदवार स्पेंसर प्रैट की हार पर हैरानी जताई और चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने लॉस एंजिल्स का चुनाव देखा और यह बेहद शर्मनाक घटना थी। उनके मुताबिक, उन्हें और कई अन्य लोगों को उम्मीद थी कि स्पेंसर प्रैट अंतिम मुकाबले में पहुंचेंगे।

उन्होंने बिना कोई सबूत पेश किए अमेरिकी चुनावों को भ्रष्ट बताते हुए कहा कि लोगों को इसकी गंभीरता का अंदाजा भी नहीं है।

कौन हैं भारतीय मूल की नित्या रामन?

45 वर्षीय नित्या रामन को डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका का समर्थन हासिल था। उन्होंने लॉस एंजिल्स में कई सुधारों का वादा करते हुए चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।

नित्या रामन का जन्म 1981 में केरल में एक तमिल परिवार में हुआ था। जब वह छह साल की थीं, तब उनका परिवार अमेरिका के लुइसियाना में जाकर बस गया। उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।

पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय भारत में भी काम किया। इसके बाद वर्ष 2013 में वह लॉस एंजिल्स चली गईं और वहीं अपनी राजनीतिक गतिविधियां आगे बढ़ाईं।

करेन बास का समर्थन करने के बाद चुनावी मैदान में उतरीं

नित्या रामन का मेयर चुनाव में उतरना भी काफी चौंकाने वाला रहा। शुरुआत में उन्होंने अपनी राजनीतिक सहयोगी और मौजूदा मेयर करेन बास का समर्थन किया था। लेकिन नामांकन की अंतिम तारीख से ठीक पहले उन्होंने खुद मेयर पद की दौड़ में उतरने का फैसला कर लिया।

इसके बाद उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान शहर में सुधारों और बदलावों का वादा किया। अंततः उन्होंने करेन बास को हराकर लॉस एंजिल्स के मेयर पद पर जीत हासिल की।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.