ट्रंप को मारने की साजिश का पाकिस्तानी कनेक्शन, ईरान के इशारे पर रची थी हत्या की योजना; अमेरिका में 27 साल 6 महीने की सजा

0 21

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को अमेरिकी अदालत ने 27 साल और छह महीने जेल की सजा सुनाई है। जांच में सामने आया था कि यह साजिश ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इशारे पर रची गई थी। अमेरिकी न्याय विभाग ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मर्चेंट को कुल 330 महीने कारावास की सजा दी गई है।

ब्रुकलिन की अदालत ने सुनाई 330 महीने की सजा

अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 48 वर्षीय आसिफ मर्चेंट को ब्रुकलिन की संघीय अदालत में अमेरिकी जिला न्यायाधीश एरिक आर. कोमिटी ने सजा सुनाई। इससे पहले मार्च 2026 में संघीय जूरी ने उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद की साजिश रचने और पैसे देकर हत्या कराने की कोशिश के आरोपों में दोषी ठहराया था।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मर्चेंट ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़ा एक प्रशिक्षित ऑपरेटिव था। उसने अमेरिका में ऐसे लोगों की तलाश की थी, जिन्हें अमेरिकी सरकारी अधिकारियों की हत्या के लिए सुपारी दी जा सके।

अमेरिकी न्याय विभाग ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

अमेरिका के अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की साजिश को अंजाम देने के मकसद से अमेरिका पहुंचे ईरानी एजेंट को उसके अपराधों की सजा मिल गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिकी न्याय विभाग देश के नेताओं को निशाना बनाने वाली विदेशी आतंकवादी साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा।

ब्लैंच के मुताबिक, ऐसी साजिशों के पीछे शामिल लोगों की जवाबदेही तय करने के लिए विभाग अपनी कार्रवाई जारी रखेगा।

अपनी मर्जी से IRGC में शामिल हुआ था आसिफ मर्चेंट

अमेरिकी न्याय विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आसिफ मर्चेंट अपनी इच्छा से ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स में शामिल हुआ था। इसके बाद उसे खुफिया गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित किया गया। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि इसी नेटवर्क के तहत वह अमेरिका पहुंचा था, जहां उसे राष्ट्रपति और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की हत्या के लिए लोगों की भर्ती करने और उन्हें भुगतान करने का जिम्मा दिया गया था।

ट्रंप के अलावा बाइडेन और निक्की हेली भी थे निशाने पर

मर्चेंट ने पूछताछ के दौरान बताया था कि हत्या की साजिश के संभावित निशाने पर सिर्फ डोनाल्ड ट्रंप ही नहीं थे। तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली के नाम भी संभावित लक्ष्यों में शामिल थे। उस समय ये तीनों अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस साजिश के पीछे ईरान का मकसद अपने पूर्व सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना था। सुलेमानी जनवरी 2020 में इराक में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था। वह ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की कुद्स फोर्स का प्रमुख था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.