‘भतीजा ही चाचा को दे रहा गच्चा’… अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर का हमला, बोले- शिवपाल को लगातार किया जा रहा किनारे

0 39

अंबेडकर नगर: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव लगातार अपने चाचा शिवपाल यादव को पार्टी में हाशिए पर धकेल रहे हैं। राजभर ने कहा कि सीट बंटवारे की समिति से लेकर अन्य महत्वपूर्ण मामलों तक शिवपाल यादव को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे पार्टी को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

सीट बंटवारे की समिति पर उठाए सवाल

सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे के लिए गठित समिति में शिवपाल यादव का नाम शामिल नहीं होने पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि “भतीजा बार-बार चाचा को गच्चा दे रहा है।” उन्होंने कहा कि केवल सीट बंटवारे की समिति ही नहीं, बल्कि राम मनोहर लोहिया ट्रस्ट जैसे मामलों में भी शिवपाल यादव को किनारे किया जा रहा है।

राजभर का कहना था कि मुलायम सिंह यादव के बाद समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने में शिवपाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके बावजूद उन्हें लगातार संगठन और निर्णय प्रक्रिया से दूर रखा जा रहा है।

‘ऐसे फैसलों से सपा को होगा नुकसान’

मंत्री ने कहा कि शिवपाल यादव को दरकिनार करने की कोशिश का असर समाजवादी पार्टी पर भी पड़ रहा है। उनके मुताबिक, इस तरह के फैसले भविष्य में पार्टी के लिए राजनीतिक नुकसान का कारण बन सकते हैं।

भाजपा पर मुस्लिम समाज के भरोसे का किया दावा

मुस्लिम समाज और भाजपा को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की ओर से भाजपा के खिलाफ जो बातें कही जाती हैं, उन्हें लेकर अब लोगों की सोच बदल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम कर रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन समेत सभी समुदायों तक समान रूप से पहुंच रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाता भाजपा का समर्थन करने के लिए तैयार हैं।

आजम खान पर भी साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने सपा नेता आजम खान पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे नहीं चाहते कि मुस्लिम समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक विकास के मुद्दों पर सकारात्मक बदलाव आए।

उन्होंने कहा कि आजम खान हमेशा नफरत की राजनीति करते हैं। राजभर ने दावा किया कि जब असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम समाज की शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक हिस्सेदारी की बात करते हैं, तब आजम खान उनका विरोध करते हैं।

राजभर ने कहा कि ओवैसी मुस्लिम समाज को शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, रोजगार, अमन-चैन और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर संगठित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि आजम खान ऐसे प्रयासों का समर्थन करने के बजाय उनका विरोध करते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.