2027 यूपी चुनाव से पहले बीजेपी का महामंथन, हारी सीटों पर वापसी का प्लान तैयार; वोटर लिस्ट से लेकर मोदी-शाह के दौरे तक बनी रणनीति

0 24

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में हारी हुई विधानसभा सीटों पर वापसी की रणनीति, मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर लंबा मंथन हुआ। बैठक में पार्टी ने कई स्तरों पर नेताओं की जिम्मेदारियां भी तय की हैं।

भाजपा ने इस बैठक में मुख्य रूप से तीन मुद्दों पर फोकस किया है। इसमें 2022 विधानसभा चुनाव में हारी हुई सीटों पर जीत की रणनीति, मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) पर निगरानी और नए मतदाताओं को जोड़ने का अभियान शामिल है।

मतदाता जोड़ो अभियान पर बीजेपी का जोर

भाजपा ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अभियान को लेकर जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी तय कर दी है। सभी जिलों से इस अभियान की रिपोर्ट प्रदेश मुख्यालय भेजी जाएगी। पार्टी स्तर पर इसकी समीक्षा भी की जाएगी।

भाजपा का दावा है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान प्रदेश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हट गए हैं। पार्टी का कहना है कि इसमें सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, पंचायत सूची में दर्ज लेकिन विधानसभा सूची से बाहर मतदाता और पहली बार मतदान करने वाले युवा भी शामिल हैं।

इसी को देखते हुए भाजपा ने 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक एक महीने का मतदाता जोड़ो अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी ने हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके जरिए करीब 86 लाख से अधिक नए नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की तैयारी है।

घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता, युवाओं पर विशेष नजर

बैठक में पंचायत और निकाय चुनाव की मतदाता सूचियों का विधानसभा मतदाता सूची से मिलान करने की रणनीति भी बनाई गई। भाजपा का कहना है कि जिन लोगों के नाम पंचायत सूची में हैं, लेकिन विधानसभा सूची में नहीं हैं, उनकी पहचान कर फॉर्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाए जाएंगे।

इसके लिए कार्यकर्ता कमल साथी ऐप के माध्यम से घर-घर संपर्क करेंगे। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को भी जोड़ा जाएगा।

2022 में हारी सीटों पर भाजपा का खास फोकस

भाजपा ने उन विधानसभा सीटों पर भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है, जहां उसे 2022 के चुनाव में हार मिली थी। पार्टी इन सीटों पर संगठन की स्थिति, बूथ प्रबंधन और संभावित उम्मीदवारों की मजबूती का आकलन कर रही है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, भाजपा इन सीटों पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी पहले शुरू कर सकती है। इसके अलावा हारी हुई विधानसभा और लोकसभा सीटों पर बूथ समितियों को दोबारा सक्रिय करने और केंद्रीय नेताओं के दौरे कराने की योजना बनाई गई है।

कमजोर प्रदर्शन करने वाले विधायकों की होगी समीक्षा

कोर कमेटी की बैठक में विधायकों के प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि जिन विधायकों का काम संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व तक भेजी जा सकती है।

बैठक में यह रणनीति भी तय हुई कि विपक्ष के आरोपों में उलझने के बजाय संगठन का ध्यान जनता से सीधा संपर्क बढ़ाने पर रहेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाने का निर्देश दिया गया है।

सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ेगी बीजेपी

भाजपा ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को संगठन से जोड़ने की रणनीति बनाई है। युवाओं और महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पार्टी की योजना है कि मुफ्त राशन, आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जाए। महिला और युवा मतदाताओं को साधने के लिए भी अलग रणनीति तैयार की जा रही है।

मोदी-शाह समेत बड़े नेताओं के यूपी दौरे की तैयारी

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य बड़े नेताओं के उत्तर प्रदेश दौरे की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। आने वाले महीनों में प्रदेश में बड़ी रैलियां, जनसभाएं और विकास योजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।

इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत संगठन के प्रमुख नेता मौजूद रहे।

भाजपा की रणनीति साफ है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले हर बूथ और हर घर तक पहुंच बनाकर संगठन को मजबूत किया जाए। पार्टी ने चुनावी अभियान को अभी से तेज करने का रोडमैप तैयार कर लिया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.