गौतमबुद्धनगर की विशेष लोक अदालत में 8919 वाहन चालान निस्तारित, 28.87 लाख रुपये से अधिक जुर्माना जमा

0 35
गौतमबुद्धनगर: मोटर वाहन चालानों के निस्तारण के लिए शनिवार को गौतमबुद्धनगर के दीवानी न्यायालय में आयोजित विशेष लोक अदालत में 8919 चालानों का निस्तारण किया गया। इस दौरान वाहन स्वामियों से 28 लाख 87 हजार 795 रुपये जुर्माने के रूप में ऑनलाइन जमा कराए गए। विशेष लोक अदालत का आयोजन जिला जज अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं दिशा-निर्देशन में किया गया।

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में 28 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से विशेष लोक अदालत शुरू हुई। इसमें जनपद गौतमबुद्धनगर से संबंधित वाहन चालानों के निस्तारण के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं, ताकि वाहन स्वामियों को आसानी से अपने चालान निस्तारित कराने का अवसर मिल सके।

31 न्यायालय कक्ष और 70 से अधिक बूथों पर हुई व्यवस्था

विशेष लोक अदालत में वाहन चालानों के सुगम निस्तारण के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से संचालित पेमेंट सेतु ऐप के माध्यम से चालानों का पंजीकरण किया गया। वादकारियों ने ऑनलाइन जुर्माने की राशि जमा कर अपने चालानों का निस्तारण कराया।

ऑनलाइन चालान निस्तारण के लिए 31 न्यायालय कक्ष, एक फाइलिंग काउंटर और एक ई-सेवा केंद्र आरक्षित किया गया था। आमजन की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए 28 न्यायालय कक्षों में 70 से अधिक काउंटर और बूथ बनाए गए, जहां वाहन चालानों के निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

अधिवक्ताओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कक्ष

विशेष लोक अदालत में अधिवक्ताओं के लिए तीन न्यायालय कक्ष, वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक कक्ष और महिलाओं के लिए एक अलग कक्ष आरक्षित किया गया था। ऑनलाइन कार्यप्रणाली को सुचारू बनाए रखने और किसी प्रकार की बाधा से बचने के लिए न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न न्यायालय कक्षों में बनाए गए बूथों का निरीक्षण भी किया।

इस दौरान जिला जज अतुल श्रीवास्तव, प्रथम अपर जिला जज सुनील कुमार, अपर जिला जज द्वितीय एवं विशेष लोक अदालत की नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा, अपर जिला जज एवं कंप्यूटर विभाग के प्रभारी संदीप चौधरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिकेष पाण्डेय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत सहित अन्य न्यायिक अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे।

विशेष लोक अदालत के माध्यम से कुल 8919 मोटर वाहन चालानों का निस्तारण हुआ और 28,87,795 रुपये की जुर्माना राशि ऑनलाइन जमा की गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.