1 से 4 अगस्त तक भारत दौरे पर रहेंगे मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह

0 615

नई दिल्ली: मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इब्राहिम मोहम्मद सोलिह एक अगस्त से चार अगस्त तक भारत का दौरा करेंगे। इस दौरान सालिह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। वे मुंबई का दौरा भी कर सकते हैं।

इसके अलावा विदेश मंत्रालय ने शतरंज ओलंपियाड में भाग नहीं लेने के पाकिस्तान के फैसले पर निराशा जताई। भारत में शतरंज ओलंपियाड से पाकिस्तान के हटने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हैरानी की बात है कि पाकिस्तान ने अचानक शतरंज ओलंपियाड में भाग नहीं लेने का फैसला किया, खासकर जब उसकी टीम भारत पहुंच गई थी। बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान ने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन का राजनीतिकरण किया।

इसके अलावा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को सिंगापुर शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण मिलने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि सिंगापुर सरकार ने दिल्ली सरकार को दिए गए निमंत्रण पर अपडेट शेयर किया है। आप इसके बारे में अधिक जानकारी के लिए दिल्ली सरकार से संपर्क कर सकते हैं।

इससे पहले दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली सरकार को फाइल लौटा दी थी। एलजी ने कहा था कि यह मेयर्स का सम्मेलन है और इसमें सीएम का जाना ठीक नहीं है। हालांकि, पार्टी ने इसे खारिज करते हुए कहा था कि अरविंद केजरीवाल को व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण मिला था। इसके बाद सीधे विदेश मंत्रालय से मंजूरी मांगी गई थी।

म्यांमार के सत्तारूढ़ जुंटा द्वारा चार लोकतंत्र कार्यकर्ताओं को फांसी दिए जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हमने म्यांमार के घटनाक्रम को गहरी चिंताओं के साथ नोट किया है। हम इस पर नजर बनाए हुए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.