Lucknow News: लखनऊ में मिठाई बनी जानलेवा, रसमलाई खाने से एक की मौत, आधा दर्जन से ज्यादा बीमार

0 474

लखनऊ। पारा में रसमलाई खाने से राकेश गौड़ की मौत हो गई, दो परिवारों के सात लोग बीमार पड़ गए हैं। उन्हें आलमबाग के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने पारा थाने में तहरीर दी तो एफएसडीए की टीम हरकत में आई। आलमबाग के संजय स्वीट हाउस में छापेमारी कर ढाई कुंतल मिठाई नष्ट कराई। अधिकारियों का कहना है कि दुकान से मिली मिठाई खाने योग्य नहीं थी और कई दिन पहले बनाई गई थी। अयोध्या निवासी रीता गौड़ रक्षाबंधन पर पारा के चंद्रोदय नगर निवासी चाचा राकेश गौड़ के घर आई थीं। रीता ने आलमबाग स्थित संजय स्वीट हाउस से रसमलाई खरीदी थी।

रीता मिठाई लेकर चाचा राकेश के घर पहुंची। यहां चचेरे भाई अमित, सुमित को राखी बांधी और रस मलाई का एक डिब्बा भेंट कर दिया। 50 वर्षीय चाचा राकेश गौड़ और चाची रूपरानी ने रसमलाई खाई। राखी बांधने के बाद रीता कृष्णानगर स्थित अपने पिता राजकुमार गौड़ के घर आ गई। यहां पिता राजकुमार, मां ज्ञानवती से मुलाकात के बाद भाई अमन को राखी बांधी और मिठाई खिलायी। यहां से निकली रीता लालकुंआ में मामा छोटेलाल को भी राखी बांधने गईं। मिठाई खाने के बाद पिता राजकुमार गौड़, मां ज्ञानवती, चाचा राकेश कुमार गौड़, चाची रूपरानी, चचेरे भाई अमित व सुमित, मामा छोटेलाल की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने राजकुमार, ज्ञानवती, राकेश, रूपरानी, अमित,सुमित और छोटेलाल को अस्पताल में भर्ती कराया।

इलाज के दौरान रविवार को चाचा राकेश गौड़ की मौत हो गई। राकेश गौड़ फास्टफूड की दुकान चलाते थे। चचेरा भाई सुमित और मामा छोटेलाल अस्पताल में भर्ती है। राकेश की मौत के बाद भतीजे अमन गौड़ ने पारा थाने में मिठाई दुकानदार के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस से सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा एंव औषधि प्रशासन (एफसडीए) टीम आलमबाग के संजय स्वीट हाउस में छापा मारा। यहां से रसमलाई, छेना, बर्फी समेत कई मिठाइयों के सैंपल लिए गए हैं।

इस बारे में जानकारी देते हुए एफएसडीए, सहायक आयुक्त, डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि आलमबाग स्थित संजय स्वीट हाउस पर छापा मारा गया। यहां कई दिन पुरानी मिठाई पाई गई। उसका स्वाद और सुगंध दोनों बिगड़ गए थे। सैंपल लिए गए हैं। मृतक के और मृतक के घर से रसमलाई के नमूने लिए गए हैं। ढाई कुंतल मिठाई नष्ट कराई गई।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.