राहुल प्रियंका और अन्य कांग्रेस नेताओं ने ‘नर्मदा मैया’ की आरती की

0 463

खरगोन: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य पार्टी नेताओं ने आज देर शाम भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना के अलावा समीप ही ‘नर्मदा मैया’ की विधिवत आरती और पूजा की।

आकारेश्वर मंदिर में श्री गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ तथा अन्य नेताओं ने विधिवत पूजा की। देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से ओंकारेश्वर में विधिवत पूजा अर्चना के बाद गांधी ने ट्वीट भी किया है। भारत जोड़ो यात्रा तीसरे दिन खरगोन जिले के विभिन्न इलाकों से गुजरी और सड़क किनारे मौजूद हजारों लोगों ने इसका स्वागत किया।

यात्रा में प्रियंका गांधी वाड्रा आज लगातार दूसरे दिन शामिल हुयीं। यात्रा शनिवार यानी 26 नवंबर को इंदौर जिले में प्रवेश करेगी और श्री राहुल गांधी व अन्य नेता डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा इसके बाद उज्जैन भी जाएगी और आगरमालवा जिले से होते हुए 04 दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.