छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए

0 424

नई दिल्ली । छत्तीसगढ़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिल रही है। जवानों ने छत्तीसगढ़ में अलग अलग ऑपेरशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। सीआरपीएफ की तरफ से ये जानकारी दी गई है। सीआरपीएफ के प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार को जब 210 कोबरा बटालियन और छत्तीसगढ़ पुलिस की टुकड़ियां बीजापुर के नेलाकांकेर में गश्त और तलाशी अभियान चला रहे थे, उसी वक्त नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। नक्सलियों के ठिकानों पर जवानों ने तुरंत जवाबी फायरिंग की। भारी गोलीबारी में घने पत्ते और लहरदार इलाके का फायदा उठाकर नक्सली भाग गए।

इसके बाद सीआरपीएफ के जवानों ने इलाके में व्यापक तलाशी ली और 4 देशी हथियार, 1 आईईडी और आईईडी बनाने की सामग्री बरामद की। जानकारी के मुताबिक, बरामद की गई आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

वहीं एक अन्य ऑपेरशन में सीआरपीएफ की 206 कोबरा बटालियन और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा एल्मगुंडा फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस के निकट की गई गश्त में सैनिकों ने 5 किलोग्राम आईईडी का पता लगाया। इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी करके सावधानी पूर्वक आईईडी को ध्वस्त कर दिया गया।

सीआरपीएफ ने बताया कि वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित छत्तीसगढ़ में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और उसके विशेष विंग कोबरा बटालियन की इकाइयों को निरंतर संचालन, व्यापक जंगल गश्त और क्षेत्र प्रभुत्व अभ्यास के कारण महत्वपूर्ण सफलताएं और प्रगति मिल रही है। यही नहीं नक्सलियों का प्रभाव भी काफी कम हो रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.