PAK सीमा के पास BSF के लिए बनाया जा रहा 8 मंजिला स्थायी बंकर, गृह मंत्रालय ने दी 50 करोड़ की मंजूरी

0 291

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट गुजरात में बीएसएफ (BSF) जवानों के लिए स्थायी बंकर का निर्माण हो रहा है। भारत पहली बार रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सर क्रीक और हरामी नाला दलदली क्षेत्र में निगरानी के लिए कंक्रीट के स्थायी बंकर बना रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भारतीय क्षेत्र में पाकिस्तानी मछुआरों और मछली पकड़ने वाली नौकाओं की लगातार घुसपैठ के कारण भुज सेक्टर में आठ बहुमंजिला बंकर के निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।

हरामी नाला में होंगे 5 स्थायी निर्माण
सूत्रों ने अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच 4,050 वर्ग किमी दलदली सर क्रीक क्षेत्र में तीन तोरण के आकार के टावर का निर्माण होगा। जबकि, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) द्वारा 900 वर्ग किमी में फैले हरामी नाला क्षेत्र में पांच स्थायी निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि 42 फुट ऊंचे बंकरों के शीर्ष तल पर निगरानी के लिए उपकरण और रडार स्थापित होगा। बाकी दो मंजिला 15 सशस्त्र बीएसएफ कर्मियों रहने और उनके रसद को रखने के लिए होगी।

250 करोड़ की हेरोइन हुई थी जब्त
अधिकारियों के अनुसार, इन बंकरों को क्रीक क्षेत्र के पूर्वी हिस्से भारतीय क्षेत्र में लखपत वारी बेट, दफा बेट और समुद्र बेट में बनाया जा रहा है। अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार बीएसएफ ने 2022 में गुजरात के इस क्षेत्र से 22 पाकिस्तानी मछुआरों को पकड़ा और मछली पकड़ने की 79 नौकाओं के साथ-साथ 250 करोड़ रुपये की हेरोइन और 2.49 करोड़ रुपये की चरस जब्त की है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.