नेपाल में डॉक्टरों ने एक शख्स के पेट से निकली Vodka की बोतल

0 387

काठमांडू. नेपाल में चिकित्सकों ने 26 वर्षीय व्यक्ति की सर्जरी कर उसके पेट से वोदका की बोतल निकाली। पुलिस ने यह जानकारी दी। ‘द हिमालयन टाइम्स’ समाचार पत्र की शुक्रवार की एक खबर के अनुसार रौतहट जिले की गुजारा नगरपालिका में रहने वाले नूरसाद मंसूरी ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद हुई जांच के दौरान वोदका की बोतल मिली।

खबर में कहा गया है कि पांच दिन पहले उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और ढाई घंटे की सर्जरी के बाद उसके पेट से सफलतापूर्वक बोतल निकाल ली गई। एक चिकित्सक ने बताया, “बोतल से उसकी आंत फट गई थी, जिसके कारण मल का रिसाव और आंतों में सूजन हो रही थी। लेकिन अब वह खतरे से बाहर है। ”

पुलिस ने कहा कि हो सकता है कि नूरसाद के दोस्तों ने उसे शराब पिलाई हो और मलाशय के रास्ते उसके पेट में जबरदस्ती बोतल घुसा दी हो। रिपोर्ट में कहा गया है कि संदेह है कि बोतल मलाशय के रास्ते नूरसाद के पेट में डाली गई। रौतहट पुलिस ने घटना के सिलसिले में शेख समीम नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और नूरसाद के कुछ दोस्तों से भी पूछताछ की है।

खबर में चंद्रपुर पुलिस कार्यालय के हवाले से कहा गया है, “हमें समीम पर शक है, इसलिए हमने उसे हिरासत में ले रखा है और जांच कर रहे हैं।” रौतहट के पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर बुढा मागर ने कहा, “नूरसाद के कुछ अन्य दोस्त फरार हैं और हम उनकी तलाश कर रहे हैं।”

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.