हरिद्वार में 60 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले बंटी-बबली गिरफ्तार

0 453

हरिद्वार। शानदार लोकेशन पर प्लॉट खरीदकर अपना आशियाना बनाने का सपना दिखाकर लोगों को ठगने वाले गैंग के लीडर और उसकी सहयोगी महिला को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गैंग लीडर कुलदीप नंदराजोग के खिलाफ थाना बहादराबाद में धोखाधड़ी के 45 और उप्र में 3 तथा उसकी महिला सहयोगी अंजलि त्यागी के खिलाफ बहादराबाद थाने में 9 केस दर्ज हैं।

गैंग लीडर कुलदीप दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए ऑनर्स है तथा धोखाधड़ी में पहले भी जेल जा चुका है। 10 महीने बाद उसे हाईकोर्ट से बेल मिली थी। कुलदीप ने ऑक्टागन बिल्डर्स प्रा0लि0 के नाम से कंपनी बना रखी है। इस कम्पनी की आड़ में जमीन बेचने के नाम पर धोखाधडी कर लोगों को ठगने का एक सुसंगठित गैंग बना हुआ है। प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि गैंग ने कई व्यक्तियों से करीब 60 करोड़ रुपये की धोखाधडी की है। गैंग में सतपाल नन्दराजोग, अंजली त्यागी, संजीव गुप्ता, सौरभ गांधी सक्रिय सदस्य हैं। गैंग के सदस्य एक निश्चित स्थान पर कॉलोनी बनाने व उसमे वर्ल्ड क्लॉस सुविधा का सपना दिखाकर लोगों से उनकी जमा पूंजी एडवांस में लेकर उन्हें बार-बार रजिस्ट्री का समय देकर बाद में वही प्लॉट अन्य व्यक्ति को ज्यादा दामों में बेच देते हैं।

प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद द्वारा तैयार किए गए गैंग चार्ट पर जिलाधिकारी हरिद्वार के अनुमोदन पर थाना बहादराबाद पर मुअसं- 364 / 23 धारा 2 (ख) (एक) (ग्यारह ) / 3 उप्र गिरोहबन्द समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.