ICC U19 वर्ल्ड कप 2024 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान, भारत के 4 खिलाड़ी शामिल

0 387

नई दिल्‍ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी ने कप्तान उदय सहारन और स्टार बल्लेबाज मुशीर खान सहित चार भारतीय खिलाड़ियों को सोमवार को घोषित अंडर-19 विश्व कप की टूर्नामेंट की टीम में शामिल किया। बल्लेबाज सचिन धास और स्पिनर सौम्य पांडे अन्य दो भारतीय खिलाड़ी है जिन्हें टीम में जगह मिली है। भारत रविवार को टूर्नामेंट के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से 79 रन से हार गया था।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ह्यू वीबगेन को टूर्नामेंट की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस टीम का चयन मीडिया, प्रसारक और आईसीसी प्रतिनिधियों के पैनल ने किया। भारत के चार खिलाड़ियों के अलावा टूर्नामेंट की चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया के तीन, मेजबान दक्षिण अफ्रीका के दो तथा वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के एक-एक खिलाड़ी को आईसीसी ने अपनी इस टीम ऑफ द टूर्नामेंट में शामिल किया है।

स्कॉटलैंड के जेमी डंक को इस टीम में 12वें खिलाड़ी के तौर पर चुना गया है। भारत ने इस टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक एक भी मैच नहीं गंवाया था, लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत की टीम को हार मिली। ऐसा ही कुछ साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में हुआ था। भारत की टीम वहां भी सेमीफाइनल तक अजेय थी, लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर विश्व कप का खिताब जीता था।

टूर्नामेंट की आईसीसी टीम (बल्लेबाजी क्रम में) – लुआन ड्रे प्रीटोरियस (दक्षिण अफ्रीका) (विकेटकीपर), हैरी डिक्सन (ऑस्ट्रेलिया), मुशीर खान (भारत), ह्यू वीबगेन (ऑस्ट्रेलिया) (कप्तान), उदय सहारन, सचिन धास (भारत), नाथन एडवर्ड (वेस्टइंडीज) , कैलम विडलर (ऑस्ट्रेलिया), उबैद शाह (पाकिस्तान), क्वेना मफाका (दक्षिण अफ्रीका), सौम्य पांडे (भारत) और जेमी डंक (स्कॉटलैंड, 12वां खिलाड़ी)।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.