लखनऊ में युवती से अभद्रता मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

0 305

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी के गोमतीनगर में बुधवार को मरीन ड्राइव के पास पुल के नीचे भरे पानी में हुड़दंग मचा रहे मनचलों ने बाइक से दोस्त के साथ जा रही युवती से अभद्रता और छेड़छाड़ की थी। इस मामले में अब चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही मामले में कई पुलिस कर्मियों पर भी गाज गिरी है। पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि 31 जुलाई को ताज होटल के निकट गोमती नगर थाना क्षेत्र में बने अंडरपास के पास बारिश से जलभराव होने तथा आने-जाने वाले राहगीरों व वाहनों के साथ कुछ अराजक तत्वों द्वारा हुड़दंगई तथा अन्य आपत्तिजनक गतिविधियां किए जाने वाले मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इसके साथ ही स्थानीय वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण को हटा दिया गया है। साथ ही स्थानीय प्रभारी निरीक्षक, चौकी इंचार्ज व चौकी पर नियुक्त समस्त पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जिनको हटाया गया है कि उनमें प्रबल प्रताप सिंह, अमित कुमावत, शशांक सिंह, पंकज कुमार सिंह, कृपा शंकर, राघवेंद्र सिंह, विकास कुमार जायसवाल और अंजु जैन शामिल हैं। जिनको सस्पेंड किया गया है उनमें इंस्पेक्टर गोमतीनगर दीपक कुमार पांडेय, चौकी इंचार्ज दारोगा ऋषि विवेक, दारोगा कपिल कुमार, सिपाही वीरेंद्र कुमार हैं।

पुलिस ने बताया कि सूचना का संज्ञान लेते हुए थाना गोमती नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अराजक तत्वों की गिरफ्तारी के प्रयास के क्रम में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा प्राप्त साक्ष्य व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुसंगत धाराओं में वृद्धि की गई है।

ज्ञात हो कि लखनऊ के वीआईपी इलाके गोमतीनगर में बुधवार दोपहर सरेराह शर्मसार करने वाली वारदात हुई। मरीन ड्राइव के पास पुल के नीचे भरे पानी में हुड़दंग मचा रहे मनचलों ने बाइक से दोस्त के साथ जा रही युवती से अभद्रता की। छेड़छाड़ कर उसे पानी में गिरा दिया। किसी तरह से वह संभली और दोनों वहां से चले गए।

उत्पाती युवक यहां घंटों बवाल काटते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। मामले में एफआईआर दर्ज की गई और गुरुवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.