जींद में भीषण हादसा, निजी वाहन और ट्रक की भिड़ंत, गोगामेड़ी जा रहे 8 श्रद्धालुओं की मौत

0 780

जींद । हरियाणा के जींद में मंगलवार देर रात एक भीषण हादसा हुआ। यहां टाटा मैजिक की तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

ये हादसा हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि कुरुक्षेत्र के मर्छेदी गांव के लोग राजस्थान के गोगामेड़ी धाम में पूजा के लिए जा रहे थे। वह सभी लोग टाटा मैजिक में सवार थे। मंगलवार देर रात एक बजे के आसपास जैसे ही उनकी गाड़ी हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे से आगे की ओर बढ़ी, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन महिलाओं समेत आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इसके अलावा आठ लोग घायल हो गए हैं। सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही घायलों को इलाज के लिए जींद के नरवाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

नरवाना अस्पताल में तैनात डॉ. अजय ने बताया कि हमें जानकारी मिली थी कि हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर टाटा मैजिक और ट्रक के बीच टक्कर हुई है। सभी घायलों को मंगलवार देर रात अस्पताल में लाया गया। सभी घायलों को रेफर कर दिया गया है और सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में कुरुक्षेत्र और करनाल के लोग शामिल थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.