पूर्व सेलेक्‍टर ने दिया रोहित शर्मा को गाबा टेस्ट जीतने का मंत्र, प्लेइंग XI में करने होंगे ये बदलाव

0 304

नई दिल्‍ली । इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया 5 मैच की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा मुकाबला कल यानी शनिवार 14 दिसंबर से गाबा में खेला जाना है। अगर भारत को बिना किसी टीम पर निर्भर हुए अपनी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बरकरार रखना है तो उन्हें यह मैच जीतना होगा। गाबा में हार का मतलब है अपने डब्ल्यूटीसी समीकरण को और खराब करना। गाबा में कप्तान रोहित शर्मा और कोच गौतम गंभीर को चयन संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। सवाल यह है कि एडिलेड में बुरी तरह फ्लॉप होने के बाद क्या रोहित शर्मा फिर पारी का आगाज करते हुए नजर आएंगे? या फिर केएल राहुल ही यशस्वी जायसवाल के ओपनिंग पार्टनर होंगे।

भारतीय टीम के पूर्व चयनकर्ता सबा करीम ने रोहित शर्मा एंड कंपनी को गाबा टेस्ट जीतने का गुरुमंत्र दिया है। उनका कहना है कि अगले टेस्ट में रोहित शर्मा को अपने नियमित ओपनिंग स्पॉट पर वापस लौटना चाहिए, वहीं पिछले कई सालों से टीम में फ्लोटर का रोल अदा कर रहे केएल राहुल को नंबर-6 पर आना चाहिए। इस पूर्व क्रिकेटर ने तीसरे टेस्ट में रविंद्र जडेजा को भी मौका देने की बात कही।

मीडिया से बातचीत में भारत के सबा करीम ने कहा, “रोहित को दूसरे टेस्ट मैच में ओपनिंग करनी चाहिए थी। इसलिए मुझे लगता है कि उन्हें फिर से ओपनिंग करनी चाहिए। यह नंबर एक है। नंबर दो। मुझे बहुत ज्यादा बदलाव नहीं दिख रहे हैं। हम पिछला टेस्ट मैच इसलिए हार गए क्योंकि हमने पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की। और इसलिए भारतीय टीम का पहला उद्देश्य यही होना चाहिए। पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी करना। उन्हें उस जगह में 340-350 का स्कोर बनाने की जरूरत है। यही एकमात्र तरीका है जिससे हम खेल को आगे ले जा सकते हैं।”

उन्होंने कहा, “रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने ओपनिंग की थी। चूंकि वह पिछले कई सालों से फ्लोटर की तरह खेल रहे हैं, इसलिए वह पांचवें या छठे नंबर पर खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।” रविंद्र जडेजा को लेकर पूर्व विकेट कीपर ने कहा, “मैं हैरान हूं कि कोई भी रवींद्र जडेजा के बारे में बात नहीं कर रहा है। यदि आप अपनी बल्लेबाजी लाइन-अप को मजबूत करना चाहते हैं, तो वह सातवें नंबर पर आने के लिए एक बहुत मजबूत दांव हो सकता है। एक बाएं हाथ का स्पिनर बेहद सटीक और बहुत अनुशासित होता है, इसलिए आप एक छोर को रोक सकते हैं। इससे रोहित शर्मा को दूसरे छोर से अपने तेज गेंदबाजों को घुमाने का मौका मिलेगा। मैं उन्हें आर अश्विन की जगह आते हुए देखता हूं।”

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.