Weather Update: 14 जनवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज: 16-17 जनवरी को बारिश की चेतावनी

0 576

नई दिल्ली: देशभर में कड़ाके की ठंड का असर जारी है, जिससे उत्तर भारत के राज्यों में कोहरे और शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। दिल्ली-NCR समेत पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में ठंडी हवाओं के साथ घना कोहरा छाया रहा। राजधानी दिल्ली में विजिबिलिटी कम होने से 25 ट्रेनें और फ्लाइट्स लेट हो गईं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि 14 जनवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पंजाब के ऊपर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी राजस्थान में चक्रवातीय परिसंचरण के चलते 15 से ज्यादा राज्यों में 14 से 16 जनवरी के बीच बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं और तेज हो रही हैं। रविवार को भी इन इलाकों में भारी बर्फबारी हुई थी।

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और माहे में 16 जनवरी तक बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया है कि 16 से 18 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार हैं। साथ ही, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप बने रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते दो दिनों से राज्य के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। विभिन्न जिलों में कल रात से शुरू हुई बारिश आज दोपहर तक जारी रही। वहीं, नैनीताल, मुनस्यारी, बदरीनाथ, केदारनाथ, चौपाता, हर्षिल समेत पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे ठंड में भारी इजाफा हुआ है। खराब मौसम के चलते यातायात संचालन में मुश्किलें आ रही हैं, लेकिन पर्यटक बर्फबारी का जमकर आनंद उठा रहे हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 और 17 जनवरी को पूरे उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत और नैनीताल जिलों में बारिश की संभावना अधिक है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी हल्की बारिश हो सकती है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.