सलारपुर के लोगों को बड़ी सौगात, 5.76 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक कम्युनिटी हॉल; ग्रीक थीम से होगा खास डिजाइन
नोएडा: सेक्टर-81 स्थित ग्राम सलारपुर के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। नोएडा प्राधिकरण ने गांव में आधुनिक कम्युनिटी हॉल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी की ओर से 21 जुलाई 2026 को सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद प्राधिकरण ने निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी हैं।
5.76 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
कम्युनिटी हॉल के निर्माण पर 576.97 लाख रुपये यानी करीब 5.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भवन का डिजाइन आकर्षक ग्रीक थीम पर आधारित होगा। इसका उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को शादी-ब्याह, सामाजिक कार्यक्रमों और अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए व्यवस्थित और किफायती स्थान उपलब्ध कराना है।
4,613 वर्ग मीटर जमीन में बनेगा दो मंजिला भवन
परियोजना के तहत कुल 4,613.26 वर्ग मीटर भूमि में से 486.08 वर्ग मीटर क्षेत्र में दो मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन को ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा।
ग्राउंड फ्लोर पर होंगे ये इंतजाम
ग्राउंड फ्लोर पर डबल-स्टोरी हॉल के साथ रिसेप्शन एरिया बनाया जाएगा। यहां अटैच्ड वॉशरूम वाले एक ब्राइडल रूम और एक ग्रूम रूम की व्यवस्था होगी। इसके अलावा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय भी बनाए जाएंगे।
पहली मंजिल पर हॉल और चार कमरे
फर्स्ट फ्लोर पर एक अलग हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ अटैच्ड वॉशरूम वाले चार कमरों की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इस तरह भवन में अलग-अलग तरह के सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहेगा।
जल निकासी से लेकर सौंदर्यीकरण तक का काम शामिल
कम्युनिटी हॉल परियोजना में केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि जल निकासी और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। इसके साथ आंतरिक और बाहरी सौंदर्यीकरण तथा चौड़े प्रवेश मार्ग का निर्माण भी परियोजना का हिस्सा होगा।
एक साल में पूरा करने का लक्ष्य
अनुबंध गठित होने के बाद कम्युनिटी हॉल का निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश हैं।