नोएडा सेफ सिटी परियोजना को लेकर बड़ी बैठक, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए लगेंगे 1949 CCTV कैमरे

0 18

नोएडा : नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में 15 मई 2026 को नोएडा सेफ सिटी परियोजना को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने की। इस दौरान महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किए गए सुरक्षा प्रस्तावों और तकनीकी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस विभाग के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी, श्री सतीश पाल, श्री क्रांति शेखर, विशेष कार्याधिकारी श्री एस.पी. सिंह, महाप्रबंधक श्री रविंद्र कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (विद्युत/यांत्रिक) तृतीय सहित ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों, परियोजना के परामर्शदाताओं और यातायात पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

561 लोकेशन चिन्हित, सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक

बैठक के दौरान परामर्शदाता द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण किया गया। पुलिस विभाग की ओर से महिला सुरक्षा, बच्चों की सुरक्षा और शहरवासियों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल 561 स्थानों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर कुल 1949 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव रखा गया।

इसके अलावा 100 स्थानों पर आपातकालीन बटन स्थापित करने की योजना भी बैठक में प्रस्तुत की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने दिए संशोधन के निर्देश

प्रस्तुतीकरण के बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने परियोजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण संशोधन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव को दोबारा संशोधित कर प्रस्तुत किया जाए।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अब 147 स्थानों पर आपातकालीन बटन लगाए जाएं। इसके साथ ही 100 स्थानों पर नंबर प्लेट डिटेक्टर कैमरे स्थापित किए जाने का प्रस्ताव भी शामिल किया गया।

पब्लिक एड्रेस सिस्टम और डिजिटल सूचना बोर्ड भी लगेंगे

बैठक में यह भी तय किया गया कि 20 स्थानों पर वेरीयेबल मैसेज साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, जिनके जरिए यातायात और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं प्रसारित की जा सकेंगी। वहीं 418 स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाई जा सके।

नोएडा को सुरक्षित और स्मार्ट शहर बनाने पर जोर

बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि नोएडा सेफ सिटी परियोजना का उद्देश्य शहर को तकनीकी रूप से अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए भरोसेमंद बनाना है। परियोजना के तहत आधुनिक निगरानी और सुरक्षा उपकरणों के जरिए अपराध नियंत्रण और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.