गौतमबुद्धनगर में 1 नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, दिव्यांगों, महिलाओं और जरूरतमंदों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
गौतमबुद्धनगर: गौतमबुद्धनगर के जिला न्यायालय परिसर में 1 नवंबर 2026 को मेगा विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में पात्र और जरूरतमंद लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ विधिक सहायता और सरकारी सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उन्हें कानूनी सहायता व सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूक करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पात्र लाभार्थियों की पहचान, पंजीकरण और आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि शिविर में अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के तहत आयोजित होने वाले इस शिविर में दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित अन्य पात्र और वंचित वर्गों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को योजनाओं की पात्रता, जरूरी दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार, जिला दिव्यांगजन अधिकारी आशीष कुमार, लीड बैंक प्रबंधक राम विनोद कुमार, सहायक श्रमायुक्त एसपी सिंह सहित नगर निकायों और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।