सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की समीक्षा, कम प्रगति वाले विभागों को सुधार के निर्देश; समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर

0 28

गौतमबुद्धनगर: गौतमबुद्धनगर में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों को पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागाध्यक्षों को नियमित समीक्षा करने, आपसी समन्वय बेहतर बनाने और निर्धारित लक्ष्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त ऊर्जा, ग्रामीण विकास, ग्रामीण जलापूर्ति, पंचायती राज, प्राथमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, समाज कल्याण और पिछड़ा वर्ग कल्याण सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीएम डैशबोर्ड पर डी श्रेणी में रहने वाले और कम प्रगति वाले विभागों को कार्ययोजना तैयार कर सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पोर्टल पर सूचनाएं नियमित रूप से अद्यतन रखने को कहा गया, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति का सही आकलन किया जा सके।

विकास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के जरिए कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।

बैठक में प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार, जिला दिव्यांगजन अधिकारी आशीष कुमार, लीड बैंक प्रबंधक राम विनोद कुमार, सहायक श्रमायुक्त एसपी सिंह सहित नगर निकायों और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.